Edited By Tanuja,Updated: 06 Oct, 2026 07:40 PM

फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट हामम अल-हम्मामी पर कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर विमान को तबाह करने की कोशिश का आरोप है। जांच एजेंसियां उसके विदेशी और संगठनात्मक संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। जांच में अब पाकिस्तान कनैक्शन भी सामने आय है। बेन गुरियन...
Dubai: फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर विमान को कथित तौर पर तबाह करने की कोशिश के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आरोपी ओमानी को-पायलट हामम अल-हम्मामी की पृष्ठभूमि पर भी सवाल गहराते जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां उसके संभावित विदेशी और संगठनात्मक संपर्कों की जांच कर रही हैं। हालांकि, पाकिस्तान कनेक्शन अभी जांच का विषय है । 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कथित हमला करने वाले 29 वर्षीय हामम अल-हम्मामी के बारे में जांच एजेंसियां उसके अतीत, यात्रा, संपर्कों और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। यूएई के अभियोजक जनरल के मुताबिक, हामम ने कॉकपिट में कैप्टन पर हमला किया और विमान पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की।
यूएई ने इस घटना को आतंकवादी हमला बताया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हामम का जन्म पाकिस्तान में हुआ था और इसी वजह से उसके संभावित पाकिस्तानी संपर्कों की जांच की जा रही है। जांच का सबसे गंभीर पहलू यह है कि हामम पर विमान को इजराइल में दुर्घटनाग्रस्त करने की योजना बनाने का आरोप है। इजराइली मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पूछताछ में हामम ने कथित तौर पर बताया कि वह कैप्टन को रास्ते से हटाने के बाद उड़ान को सामान्य रूप से आगे ले जाना चाहता था, जरूरी मंजूरियां हासिल करना चाहता था और फिर विमान को बेन गुरियन एयरपोर्ट पर किसी इमारत या विमान से टकराने की योजना बना रहा था। इन रिपोर्टों को अभी जांच से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट के रूप में ही देखा जाना चाहिए। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, उसने कथित तौर पर उन विमानन कंपनियों के बारे में जानकारी जुटाई थी जो तेल अवीव के लिए उड़ानें संचालित करती हैं और इसी वजह से फ्लाईदुबई को चुना।
कैप्टन स्मित मच्छार ने कैसे बचाई 180 लोगों की जान?
हमले के दौरान हामम ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया। विमान तेजी से नीचे जा रहा था, लेकिन घायल होने के बावजूद भारतीय कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद चालक दल और यात्रियों ने आरोपी को काबू करने में मदद की। विमान को सऊदी अरब के तबूक में आपात स्थिति में उतारा गया। इस पूरी घटना में कैप्टन मच्छार की भूमिका को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत कई लोगों ने सराहा है। इजराइली सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हामम ने अकेले यह साजिश रची थी या उसे किसी संगठन अथवा विदेशी नेटवर्क से मदद मिली थी। वहीं, शुरुआती इजराइली जांच में उसके अकेले कार्रवाई करने की संभावना भी सामने आई है। लेकिन जांचकर्ताओं ने दूसरे संभावित संपर्कों को पूरी तरह खारिज नहीं किया है।
हामम की सोशल मीडिया गतिविधियों और पुराने डिजिटल खातों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। रिपोर्टों के अनुसार उसके कुछ पुराने सोशल मीडिया पोस्ट में अल-कायदा के पूर्व प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी समेत जिहादी चरित्रों से जुड़ी सामग्री दिखाई गई थी। उसके सोशल मीडिया खाते अब हटा दिए गए हैं। हामम के संभावित विदेशी संपर्कों की जांच सिर्फ पाकिस्तान तक सीमित नहीं है। इजराइली सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं उसका किसी दूसरे देश या आतंकी संगठन से संपर्क तो नहीं था। ताजा रिपोर्टों में इजराइली खुफिया एजेंसियां संभावित ईरान कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं और अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस संबंध में न तो पुष्टि हुई है और न ही इसे पूरी तरह खारिज किया गया है।