Edited By Parveen Kumar,Updated: 18 Jan, 2026 11:48 PM

उत्तर भारत में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने वाला है। 19 जनवरी से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ की दो सक्रिय प्रणालियां हैं, जो एक के बाद एक क्षेत्र में असर दिखा रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के...
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने वाला है। 19 जनवरी से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ की दो सक्रिय प्रणालियां हैं, जो एक के बाद एक क्षेत्र में असर दिखा रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले पूरे सप्ताह पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में इन प्रणालियों का प्रभाव बना रहेगा और 23 जनवरी तक कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ और किसानों से जुड़े देवेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि पछुआ हवाएं ऐसी दिशा में चल रही हैं, जिससे ठंड और तेज हो जाएगी। उनके अनुसार, 19 जनवरी से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड का असर बढ़ेगा। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान मौजूदा स्तर से और नीचे जा सकता है।
घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कई हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक ‘घने’ से ‘बहुत घने कोहरे’ का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 19 जनवरी तक ‘बहुत घना’ कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो सकती है।
हालांकि देवेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में थोड़ी राहत भी मिल सकती है और एक-दो दिन घने कोहरे की तीव्रता कम रह सकती है। इसके बावजूद जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में कोहरे का असर बना रह सकता है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आएगा। आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पहाड़ों में बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ज्यादा हो सकती है। इसके साथ ही 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की भी चेतावनी दी गई है।