Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 Feb, 2026 09:04 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब केसरी समूह पर मान सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी के जरिए कराई गई कार्रवाई को लोकतंत्र पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि यह घटना पंजाब को आपातकाल के भयानक दौर की याद दिलाती है। चुघ ने कहा कि जब...
पंजाब डैस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब केसरी समूह पर मान सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी के जरिए कराई गई कार्रवाई को लोकतंत्र पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि यह घटना पंजाब को आपातकाल के भयानक दौर की याद दिलाती है। चुघ ने कहा कि जब सत्ता का अहंकार हावी हो जाता है तो सच को दबाने और सच दिखाने वाले मीडिया संस्थानों को कुचलने की कोशिशें शुरू हो जाती हैं, और पंजाब में भगवंत मान सरकार वही रास्ता अपनाती दिखाई दे रही है।
चुघ ने कहा कि स्वघोषित तथाकथित ईमानदार अरविंद केजरीवाल और उनके इशारों पर चल रही भगवंत मान सरकार पंजाब केसरी जैसे प्रतिष्ठित और राष्ट्रवादी मीडिया समूह को डराने और दबाने की साजिश में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मीडिया है और उसे निशाना बनाना लोकतंत्र की आत्मा को चोट पहुँचाने जैसा है। चुघ ने कहा कि पंजाब में आप सरकार जिस तरह सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है, वह दर्शाता है कि वह आलोचना सहन करने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है।
चुघ ने कहा कि पंजाब की जागरूक जनता सब कुछ देख रही है और समझ रही है कि लोकतंत्र का चोला पहनकर तानाशाही कौन चला रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता से किए गए वादों पर खरा उतरने में विफल रही है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अब मीडिया संस्थानों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।
चुघ ने कहा कि अहंकार में डूबी मान सरकार को इतिहास से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि सत्ता का घमंड ज्यादा समय तक नहीं टिकता और जनता हमेशा सच का साथ देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी और पंजाब में मीडिया को डराने या दबाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।