Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Feb, 2026 01:05 AM

बाराबंकी जिले में बृहस्पतिवार को देवा स्थित सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की दरगाह के पास चादर चढ़ाने आए एक हिंदू युवक पर कथित रूप से एक दुकानदार ने हमला किया और उसके माथे पर लगा तिलक जबरन धुलवा दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि आरोपी को...
नेशनल डेस्क : बाराबंकी जिले में बृहस्पतिवार को देवा स्थित सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की दरगाह के पास चादर चढ़ाने आए एक हिंदू युवक पर कथित रूप से एक दुकानदार ने हमला किया और उसके माथे पर लगा तिलक जबरन धुलवा दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि बाराबंकी के कोतवाली क्षेत्र के दशहरा बाग मोहल्ले के निवासी हरीश शर्मा अपनी पड़ोसी एक मुस्लिम महिला के साथ देवा स्थित हाजी वारिस अली शाह की दरगाह पर चादर चढ़ाने गया था।
सूत्रों के मुताबिक हरीश का आरोप है कि महिला जब अंदर गई तब वह बाहर चने खा रहा था, उसी बीच वहां मौजूद एक दुकानदार ने उसे अपशब्द कहे और थप्पड़ मार दिया। हरीश का यह भी आरोप है कि उस दुकानदार ने उसके माथे पर लगा तिलक भी जबरन धुलवा दिया। हरीश का कहना है कि विवाद के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार और हाथापाई की गयी। घटना के बाद उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। यह पूरी घटना पास में लगी एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
आयशा बानो नामक मुस्लिम महिला ने भी बताया कि उसका पड़ोसी हरीश शर्मा उसके साथ दरगाह पर आया था तथा एक दुकानदार ने उसके साथ मारपीट की एवं उसके माथे पर लगा तिलक भी धुलवाया है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है। वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधि कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।