Edited By jyoti choudhary,Updated: 07 May, 2026 11:55 AM

भारत में विभिन्न स्थानों पर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए क्लीनमैक्स और एप्पल ने 100 करोड़ रुपए का निवेश करने के वास्ते साझेदारी की है। क्लीनमैक्स ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियों का लक्ष्य...
नई दिल्लीः भारत में विभिन्न स्थानों पर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए क्लीनमैक्स और एप्पल ने 100 करोड़ रुपए का निवेश करने के वास्ते साझेदारी की है। क्लीनमैक्स ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियों का लक्ष्य देश के वाणिज्यिक एवं औद्योगिक (सीएंडआई) खंड की जरूरतों को स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं की तैनाती के माध्यम से पूरा करना है।
बयान में कहा गया, ''एप्पल और क्लीनमैक्स ने भारत के वाणिज्यिक एवं औद्योगिक (सीएंडआई) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा तैनाती के जरिये कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में तेजी लाने के उद्देश्य से एक रणनीतिक सह-निवेश समझौता किया है।'' क्लीनमैक्स ने कहा कि यह साझेदारी कॉरपोरेट स्वच्छ ऊर्जा बदलाव को सक्षम बनाने, कम कार्बन उत्सर्जन वाले बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देना तथा एप्पल के व्यापक कार्बन तटस्थता लक्ष्यों का समर्थन करने की साझा दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
क्लीनमैक्स के प्रबंध निदेशक एवं संस्थापक कुलदीप जैन ने कहा, ''हम एप्पल के साथ अपनी साझेदारी का एक बार फिर विस्तार कर रहे हैं। क्लीनमैक्स में, हम खुद को कॉरपोरेट जगत में शुद्ध शून्य लक्ष्य हासिल करने में दीर्घकालिक भागीदार के रूप में देखते हैं…।'' क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (क्लीनमैक्स) भारत, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया में वाणिज्यिक एवं औद्योगिक क्षेत्र के लिए नवीकरणीय ऊर्जा प्रदान करने वाली कंपनी है।