Edited By jyoti choudhary,Updated: 25 Jul, 2026 12:50 PM

देश में क्रेडिट कार्ड से होने वाला खर्च जून में लगातार दूसरे महीने 2 लाख करोड़ रुपए के स्तर से ऊपर बना रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जून में कुल क्रेडिट कार्ड खर्च सालाना आधार पर 9.8% बढ़कर 2.01 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया।...
बिजनेस डेस्कः देश में क्रेडिट कार्ड से होने वाला खर्च जून में लगातार दूसरे महीने 2 लाख करोड़ रुपए के स्तर से ऊपर बना रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जून में कुल क्रेडिट कार्ड खर्च सालाना आधार पर 9.8% बढ़कर 2.01 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। हालांकि, यह मई के 2.02 लाख करोड़ रुपए के मुकाबले मामूली कम रहा।
HDFC बैंक और SBI कार्ड का शानदार प्रदर्शन
क्रेडिट कार्ड खर्च में HDFC बैंक और SBI कार्ड का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा। HDFC बैंक ने 16.2% की सालाना बढ़ोतरी के साथ 59,432 करोड़ रुपए का खर्च दर्ज किया, जबकि SBI कार्ड का खर्च 34.4% बढ़कर 41,077 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
वहीं, ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड खर्च में 5.2% की सालाना गिरावट दर्ज की गई और यह 31,410.9 करोड़ रुपए रहा। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक ने 1.4% की मामूली बढ़त के साथ 22,174.8 करोड़ रुपए का खर्च दर्ज किया।
केयरएज रेटिंग्स के निदेशक सौरभ भालराव के अनुसार, निजी बैंक असुरक्षित ऋण और परिसंपत्ति गुणवत्ता को लेकर सतर्क हैं, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक रूपे क्रेडिट कार्ड और UPI-लिंक्ड क्रेडिट के बढ़ते उपयोग से लाभ उठा रहे हैं।
क्रेडिट कार्डों की कुल संख्या
RBI के आंकड़ों के मुताबिक, जून के अंत तक देश में क्रेडिट कार्डों की कुल संख्या बढ़कर 12.16 करोड़ हो गई। इस दौरान HDFC बैंक ने सबसे अधिक 1.63 लाख नए कार्ड जोड़े, जबकि SBI कार्ड और ICICI बैंक ने भी 1.62 लाख और 1.51 लाख से अधिक नए कार्ड जारी किए।