Edited By jyoti choudhary,Updated: 31 Oct, 2026 03:20 PM
अगर आप पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। बैंक ने क्रेडिट कार्ड से जुड़े कई नियमों और शुल्कों में बदलाव किया है। नए नियम 1 नवंबर 2026 से लागू होंगे। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से एटीएम में नकदी
नई दिल्लीः अगर आप पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। बैंक ने क्रेडिट कार्ड से जुड़े कई नियमों और शुल्कों में बदलाव किया है। नए नियम 1 नवंबर 2026 से लागू होंगे। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से एटीएम में नकदी निकालना, बिल का भुगतान समय पर नहीं करना और बिजली-पानी जैसे यूटिलिटी बिल चुकाना महंगा पड़ सकता है। इसके अलावा रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम करने और कुछ तरह के स्टेटमेंट हासिल करने के लिए भी ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
एटीएम से कैश निकालना होगा महंगा
PNB ने क्रेडिट कार्ड के जरिए एटीएम से नकदी निकालने पर लगने वाले शुल्क में बढ़ोतरी की है। नए नियम के तहत घरेलू एटीएम से क्रेडिट कार्ड के जरिए कैश निकालने पर अब निकाली गई रकम का 2.5 फीसदी या न्यूनतम 400 रुपए (जो भी अधिक हो) शुल्क देना होगा।
पहले RuPay और Visa क्रेडिट कार्ड पर यह शुल्क 2 फीसदी या न्यूनतम 150 से 200 रुपए के बीच था। वहीं, दूसरे बैंक के घरेलू या अंतरराष्ट्रीय एटीएम से नकदी निकालने पर 2.5 फीसदी या न्यूनतम 500 रुपए का चार्ज लगेगा।
देर से बिल चुकाने पर 1,200 रुपए तक लेट फीस
क्रेडिट कार्ड का बिल तय समय पर नहीं भरने वाले ग्राहकों को भी अब ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी। बैंक ने बकाया राशि के आधार पर लेट पेमेंट फीस निर्धारित की है।
नए नियमों के मुताबिक, 500 रुपए तक के बकाये पर कोई लेट फीस नहीं लगेगी। हालांकि, बकाया राशि बढ़ने के साथ शुल्क भी बढ़ जाएगा।
बकाया राशि लेट पेमेंट फीस
500 रुपए तक शून्य
501 से 1,000 रुपए 500 रुपए
1,001 से 10,000 रुपए 750 रुपए
10,001 से 50,000 रुपए 1,000 रुपए
50,000 रुपए से अधिक 1,200 रुपए
इसलिए ग्राहकों के लिए जरूरी होगा कि वे क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर जमा करें, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बच सकें।
चेक बाउंस और ऑटो-डेबिट फेल होने पर भी लगेगा चार्ज
कई ग्राहक क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान चेक के जरिए करते हैं या बैंक खाते से ऑटो-डेबिट की सुविधा लेते हैं लेकिन खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने पर भुगतान फेल हो सकता है। नए नियमों के अनुसार, चेक बाउंस होने या ऑटो-डेबिट इंस्ट्रक्शन फेल होने पर कुल भुगतान राशि का 2 फीसदी या न्यूनतम 400 रुपए (जो भी अधिक हो) शुल्क देना होगा।
बिजली-पानी के बिल पर भी देना होगा अतिरिक्त पैसा
अगर आप बिजली, पानी और गैस जैसे यूटिलिटी बिलों का भुगतान PNB क्रेडिट कार्ड से करते हैं तो यह बदलाव आपके लिए अहम है। बैंक के नए नियमों के मुताबिक, एक बिलिंग साइकिल में कुल यूटिलिटी भुगतान 50,000 रुपए से अधिक होने पर अतिरिक्त शुल्क लगेगा। 50,000 रुपए से ऊपर की पूरी रकम पर 1 फीसदी सरचार्ज और उस पर लागू टैक्स वसूला जाएगा। इस शुल्क की अधिकतम सीमा प्रति ट्रांजैक्शन 2,000 रुपए होगी।
रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम करने पर भी लगेगी फीस
PNB क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग करने पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को भी अब शुल्क देना होगा। पहले कई ग्राहक इन पॉइंट्स को गिफ्ट वाउचर या दूसरे प्रोडक्ट्स में बदलने के लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं देते थे लेकिन 1 नवंबर से हर रिडेम्पशन रिक्वेस्ट पर 99 रुपए का फ्लैट चार्ज देना होगा।
फिजिकल स्टेटमेंट मंगाना भी होगा महंगा
बैंक की ओर से रजिस्टर्ड ईमेल पर भेजे जाने वाले डिजिटल ई-स्टेटमेंट पहले की तरह मुफ्त मिलते रहेंगे। हालांकि, अगर कोई ग्राहक तीन महीने से अधिक पुराने डुप्लीकेट फिजिकल स्टेटमेंट की मांग करता है तो उसे हर महीने के लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा।
FD के बदले मिले क्रेडिट कार्ड पर भी बदले नियम
बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के बदले जारी किए जाने वाले सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के नियमों में भी बदलाव किया है।
नए नियमों के तहत इन कार्ड्स पर चेक बाउंस होने या ऑटो-डेबिट फेल होने पर प्रति ट्रांजैक्शन 100 रुपये की पेनल्टी लगेगी।
वहीं, लेट पेमेंट चार्ज न्यूनतम देय राशि (Minimum Amount Due) का 30 फीसदी होगा। हालांकि, इसे प्रति बिलिंग साइकिल न्यूनतम 200 रुपए और अधिकतम 500 रुपए तक सीमित रखा गया है।