Edited By jyoti choudhary,Updated: 29 Sep, 2026 11:46 AM

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने ऑनलाइन कृषि निवेश मंच ग्रोपिटल (Growpital) से जुड़ी करीब 192.88 करोड़ रुपए की निवेश योजना को बंद करने का आदेश दिया है। सेबी के अनुसार, इस योजना के जरिए 5,208 निवेशकों से रकम जुटाई गई थी।
नई दिल्लीः भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने ऑनलाइन कृषि निवेश मंच ग्रोपिटल (Growpital) से जुड़ी करीब 192.88 करोड़ रुपए की निवेश योजना को बंद करने का आदेश दिया है। सेबी के अनुसार, इस योजना के जरिए 5,208 निवेशकों से रकम जुटाई गई थी। नियामक ने इसे अनधिकृत सामूहिक निवेश योजना (Collective Investment Scheme) माना है।
5,208 निवेशकों से जुटाई गई थी रकम
Growpital की शुरुआत 2020 में हुई थी। मंच पर निवेश की शुरुआत करीब 5,000 रुपए से की जा सकती थी। निवेशकों से जुटाई गई रकम को कृषि परियोजनाओं में लगाने का दावा किया गया था। सेबी के मुताबिक, निवेशकों को इकाइयों के बदले मुनाफे या रिटर्न का भरोसा दिया गया था। योजना में सुनिश्चित और टैक्स-फ्री रिटर्न का भी वादा किए जाने की बात सामने आई है।
12% ब्याज के साथ पैसा लौटाने का निर्देश
सेबी ने Growpital को संबंधित कारोबार और निवेश योजना बंद करने का निर्देश दिया है। साथ ही निवेशकों से जुटाई गई रकम को 12 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करने का आदेश दिया गया है।
28 संस्थाओं पर 26.1 करोड़ रुपए का जुर्माना
मामले में सेबी ने 28 संस्थाओं पर कुल 26.1 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। ये संस्थाएं Growpital से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में नियामक की कार्रवाई के दायरे में आई हैं।
8 लोगों पर 5 साल का प्रतिबंध
ऋतुराज शर्मा समेत 8 लोगों को 5 साल के लिए बाजार में कारोबार करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, 20 अन्य लोगों और संस्थाओं पर 3 साल का बाजार प्रतिबंध लगाया है।
सेबी की कार्रवाई का उद्देश्य निवेशकों की रकम की वापसी और अनधिकृत निवेश गतिविधियों पर रोक लगाना है।