Edited By jyoti choudhary,Updated: 19 May, 2026 03:11 PM

क्रेडिट कार्ड का उपयोग लोग शॉपिंग, बिल पेमेंट और ट्रैवल जैसे कई कामों के लिए करते हैं और इसके बदले मिलने वाले रिवॉर्ड्स इसे और आकर्षक बनाते हैं लेकिन अब HDFC बैंक के दो प्रमुख प्रीमियम कार्ड्स Regalia Gold और Diners Privilege में बड़े बदलाव किए हैं,...
बिजनेस डेस्कः क्रेडिट कार्ड का उपयोग लोग शॉपिंग, बिल पेमेंट और ट्रैवल जैसे कई कामों के लिए करते हैं और इसके बदले मिलने वाले रिवॉर्ड्स इसे और आकर्षक बनाते हैं लेकिन अब HDFC बैंक के दो प्रमुख प्रीमियम कार्ड्स Regalia Gold और Diners Privilege में बड़े बदलाव किए हैं, जिनसे ग्राहकों को पहले जैसे फायदे नहीं मिलेंगे।
रिवॉर्ड पॉइंट्स में कटौती
Regalia Gold कार्ड पर रिवॉर्ड सिस्टम को कम फायदेमंद बना दिया गया है। पहले ₹150 खर्च पर 4 रिवॉर्ड पॉइंट मिलते थे लेकिन अब ₹200 खर्च पर 5 पॉइंट मिलेंगे। इससे कुल रिवॉर्ड रेट पहले की तुलना में घट गया है। हालांकि ट्रैवल और शॉपिंग जैसी कुछ कैटेगरी में रिवॉर्ड दरें पहले जैसी ही बनी रहेंगी।
नए चार्ज और फीस में बदलाव
बैंक ने Dynamic Currency Conversion (DCC) फीस भी बढ़ा दी है। अब अंतरराष्ट्रीय ट्रांजेक्शन पर जब रुपये में बिल आएगा तो 1.75% फीस लगेगी। इसके अलावा कार्ड खो जाने या खराब हो जाने पर नया कार्ड बनवाने के लिए ₹199 का चार्ज भी लगेगा। ये बदलाव 15 मई 2026 से प्रभावी हो चुके हैं।
लाउंज एक्सेस अब खर्च से जुड़ा
1 जुलाई 2026 से फ्री डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस अब सीधे खर्च से जुड़ जाएगा। इसके लिए हर तिमाही (कैलेंडर क्वार्टर) में कम से कम ₹60,000 खर्च करना जरूरी होगा।
- योग्य ग्राहकों को Regalia Gold कार्ड पर हर क्वार्टर में 3 फ्री लाउंज विजिट मिलेंगी
- Diners Privilege कार्ड पर SmartBuy वाउचर के जरिए 2 डोमेस्टिक और 1 इंटरनेशनल लाउंज एक्सेस मिलेगा
नया Travel Edge प्रोग्राम
HDFC बैंक ने Regalia Gold कार्डधारकों के लिए Travel Edge प्रोग्राम भी शुरू किया है। इसके तहत एयरपोर्ट ट्रांसफर, होटल डाइनिंग डिस्काउंट, स्पा और रूम अपग्रेड जैसे फायदे वाउचर के आधार पर मिल सकते हैं।
क्या ग्राहकों के लिए फायदेमंद है कार्ड?
इन बदलावों के बाद अब इन प्रीमियम कार्ड्स का पूरा फायदा उठाने के लिए ज्यादा खर्च करना जरूरी होगा। विशेषज्ञों के अनुसार ग्राहकों को अपने खर्च पैटर्न के आधार पर यह तय करना चाहिए कि कार्ड अभी भी उनके लिए फायदेमंद है या नहीं।