Edited By jyoti choudhary,Updated: 02 Sep, 2025 12:27 PM

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और भारतीय रेल के बीच सोमवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में एक ऐतिहासिक समझौता हुआ। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार और SBI के चेयरमैन सी. एस. सेट्टी मौजूद रहे। यह समझौता रेलवे...
बिजनेस डेस्कः भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और भारतीय रेल के बीच सोमवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में एक ऐतिहासिक समझौता हुआ। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार और SBI के चेयरमैन सी. एस. सेट्टी मौजूद रहे। यह समझौता रेलवे कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
बिना प्रीमियम का बीमा कवर
समझौते के तहत, SBI में सैलरी अकाउंट रखने वाले रेलवे कर्मचारियों को पहले से अधिक बीमा कवरेज मिलेगा। कर्मचारियों को RuPay डेबिट कार्ड के माध्यम से 1 करोड़ रुपए तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। खास बात यह है कि यह सुविधा बिना किसी प्रीमियम और मेडिकल टेस्ट के मिलेगी।
बीमा कवरेज का विस्तार
- दुर्घटना में मौत की स्थिति में 1 करोड़ रुपए तक का बीमा कवर।
- प्राकृतिक मौत की स्थिति में 10 लाख रुपए तक का कवर।
- स्थायी पूर्ण अक्षमता पर 1 करोड़ रुपए का कवर।
- स्थायी आंशिक अक्षमता पर 80 लाख रुपए तक का कवर।
यह कवरेज मौजूदा केंद्रीय सरकारी कर्मचारी समूह बीमा योजना (CGEGIS) की तुलना में कई गुना ज्यादा है, जहां अभी ग्रुप A कर्मचारियों को केवल ₹1.20 लाख, ग्रुप B को ₹60,000 और ग्रुप C को ₹30,000 का कवरेज मिलता है।
लाखों कर्मचारियों को लाभ
वर्तमान में लगभग 7 लाख रेलवे कर्मचारियों के SBI में सैलरी अकाउंट हैं। ऐसे में इस समझौते से रेलवे कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होगा। रेल मंत्री ने इसे "रेलवे कर्मचारियों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक पहल" बताया है।