Edited By jyoti choudhary,Updated: 26 Jun, 2026 11:05 AM

मुहर्रम के मौके पर आज भारतीय शेयर बाजार बंद हैं लेकिन साउथ कोरिया के शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली। तेज बिकवाली के चलते कोस्पी (KOSPI) इंडेक्स में 8% से अधिक की गिरावट आई, जिसके बाद सर्किट ब्रेकर लागू करना पड़ा और करीब
बिजनेस डेस्कः मुहर्रम के मौके पर आज भारतीय शेयर बाजार बंद हैं लेकिन साउथ कोरिया के शेयर बाजार में हाहाकार मचा है। तेज बिकवाली के चलते कोस्पी (KOSPI) इंडेक्स में 8% से अधिक की गिरावट आई, जिसके बाद सर्किट ब्रेकर लागू करना पड़ा और करीब 20 मिनट के लिए ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। इस सप्ताह यह दूसरा मौका है जब दक्षिण कोरियाई बाजार में सर्किट ब्रेकर सक्रिय हुआ है। इस तरह साउथ कोरिया का मार्केट तीन महीने में अपनी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट के करीब पहुंच गया।
बाजार में सबसे ज्यादा दबाव चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों पर रहा। अमेरिकी टेक शेयरों में गुरुवार को आई कमजोरी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) शुरू कर दी, जिसका असर दक्षिण कोरिया के बाजार पर भी पड़ा।
कोस्पी की बड़ी कंपनियों में सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में 8.02% गिरावट आई। एक और बड़ी चिपमेकर एसके हाइनिक्स में भी 8.94% की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह बैटरी बनाने वाली एलजी एनर्जी सॉल्यूशन के शेयर 5.11% गिर गए। वहीं हुंडई मोटर में 4.77%, किया कॉर्प में 4.30%, पोस्को होल्डिंग्स में 5.73% और सैमसंग बायोलॉजिक्स में 3.10% की गिरावट देखने को मिली।
अमेरिकी बाजार का असर
अमेरिका के टेक शेयरों में गुरुवार को गिरावट आई। ऐपल के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.15 फीसदी गिरावट आई। माइक्रोसॉफ्ट और अमेजॉन के शेयर भी 3 फीसदी से ज्यादा गिर गए। दुनिया की सबसे बड़ी वैल्यूएबल कंपनी एनवीडिया के शेयर 1.59 फीसदी फिसले। इस बीच एआई की बढ़ती डिमांड से माइक्रोन के शेयरों में 15.81% की भारी तेजी देखने को मिली।