Edited By Niyati Bhandari,Updated: 19 Oct, 2022 11:32 AM

खुशियों और आपसी सौहार्द का त्योहार है दिवाली। दिवाली के एक दिन पहले धनतेरस आता है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य सामानों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली (जे.के.पुष्कर/नवोदय टाइम्स): खुशियों और आपसी सौहार्द का त्योहार है दिवाली। दिवाली के एक दिन पहले धनतेरस आता है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य सामानों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। राजधानी दिल्ली में कई बाजार खरीदारी के लिए प्रसिद्ध हो गए हैं, इनमें थोक बाजार सदर बाजार, चांदनी चौक हैं। इसके अलावा लक्ष्मी नगर, लाजपत नगर, कृष्णा नगर मार्केट, सरोजनी नगर मार्केट आदि में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में पांव रखने की जगह नहीं है।
सदर बाजार
कोरोना के बाद इस साल दिवाली से पहले सदर बाजार खरीदारी के लिए दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों के खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सदर बाजार में हालत यह है कि अभी तक दो लाख से ज्यादा लोग सदर बाजार में आ चुके हैं। प्रतिदिन हजारों लोगों की भीड़ आ रही है। बाजार में करोड़ों का कारोबार हो चुका है। सदर में पुरुष के साथ-साथ महिला खरीदारों की भी कोई कमी नहीं है। सदर बाजार में लोगों को घरेलू इस्तेमाल से लेकर जरूरत का हर सामान मिल रहा है। बाजार के दुकानदारों का कहना है कि सुबह से लेकर देर शाम तक दुकान में लोगों का हुजूम बना रहता हैं। हालांकि कई दुकानदार यह भी कहते हैं कि बाजार में भीड़ है लेकिन काम ज्यादा नहीं है। उम्मीद है कि धनतेरस पर काम बढ़े।
चांदनी चौक
चांदनी चौक दिल्ली के थोक बाजारों में से एक है। इस बाजार में कपड़ों से लेकर सजाने के सामान तक सब कुछ आसानी से मिल रहा है। धनतेरस के दिन सोना-चांदी या फिर सजावट का सामान खरीदना है तो आप यहां जा सकते हैं। चांदनी चौक का दरीबा कलां जूलरी मार्केट के लिए फेमस है। अगर धनतेरस के दिन यहां जा रहे हैं तो सुबह का समय चुनें। शाम के समय यहां पर बहुत भीड़ हो जाती है। इधर आम दिनोंं से दोगुना भीड़ चांदनी चौक में जुट रही है। धनतेरस के दिन यहां लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है। चांदनी चौक में इलेक्ट्रिक मार्केट, कपड़े का मार्केट सबकुछ भी मौजूद हैं।
लक्ष्मी नगर मार्केट
पूर्वी दिल्ली के फेमस मार्केट में से एक लक्षमी नगर बाजार में आपको सभी तरह की चीजें मिल जाएंगी। जूलरी के लिए यहां पर काफी सारी दुकानें हैं, जहां से आप सोना और चांदी की शॉपिंंग कर सकते हैं। इसके आलावा धनतेरस के दिन यहां पर दुकानों के बाहर बर्तन की दुकानें भी लगती हैं। पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए खुदरा मार्केट के तौर पर यह बाजार खूब भा रहा है।
कृष्णा नगर मार्केट
दिल्ली का कृष्णा नगर शॉपिंग के लिए बहुत मशहूर है। दिवाली के लिए आपको शॉपिंग करनी है तो आप इस बाजार में जा सकते हैं। यहां पर सजावट के लिए एक से बढ़कर एक सामान आपको मिलेगा। इस मार्केट में आप अपनी पसंद का बर्तन खरीद सकते हैं। इसके अलावा रेडीमेड कपड़े बच्चों से लेकर बड़ों सभी के लिए मिल जाएंगे। आम लोग इन बाजारों की ओर रूख कर रहे हैं। धनतेरस व दिवाली के मद्देनजर दुकानदार भी ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के छूट ऑफर दे रहे हैं।
लाजपत नगर मार्केट
दक्षिणी दिल्ली में शॉपिंग के लिए लाजपत नगर काफी प्रसिद्ध मार्केट हो गया है। इस मार्केट में हर एक वर्ग के लोगों के हिसाब से सामान उपलब्ध है। ऐसे तो इस मार्केट में लड़के और लड़कियां शादी की शॉपिंग करते हैं लेकिन अभी दिवाली का त्योहार है तो बाजार में काफी रौनक है। अगर आप एक ही जगह पर जाकर पूरी दिवाली शॉपिंग कम्प्लीट करना चाहते हैं तो ये मार्केट अच्छा है। यहां पर फैंसी चीजें, कपड़े, जूलरी और बर्तन सब कुछ मिल जाएगा। बाजार में 100 से लेकर हजार रुपए वाले बर्तन भी उपलब्ध हैं।
