Edited By Niyati Bhandari,Updated: 17 Jul, 2026 10:35 AM

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच कर रहा विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) अगले 24 घंटे के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप सकता है। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट के आधार पर मंदिर प्रशासन, चढ़ावे की गणना और प्रबंधन व्यवस्था...
लखनऊ/अयोध्या (एजैंसी): अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच कर रहा विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) अगले 24 घंटे के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप सकता है। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट के आधार पर मंदिर प्रशासन, चढ़ावे की गणना और प्रबंधन व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि एस.आई.टी. का कार्यकाल अब दोबारा नहीं बढ़ाया जाएगा। पूर्व महासचिव चंपत राय ने कहा है कि वह एस.आई.टी. की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले पर प्रतिक्रिया देंगे। वहीं ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज ने जांच और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी पर भरोसा जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की वकालत की है। सुप्रीम कोर्ट भी मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की निगरानी कर रहा है।
मामले में गिरफ्तार आरोपी रमाशंकर मिश्रा और सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव से बुधवार को 14 घंटे की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को देर रात फैजाबाद जिला जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रमाशंकर के घर की तलाशी में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए, जिसके बाद उसके कमरे को सील कर दिया गया।