Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 May, 2026 02:11 PM

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आज एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ। लक्की मारवत जिले के नौरंग बाजार इलाके में हुए इस धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। इस हमले में दो सुरक्षा अधिकारियों और एक महिला सहित कम से कम आठ लोगों की जान...
Khyber Pakhtunkhwa Terror Attack : उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आज एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ। लक्की मारवत जिले के नौरंग बाजार इलाके में हुए इस धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। इस हमले में दो सुरक्षा अधिकारियों और एक महिला सहित कम से कम आठ लोगों की जान चली गई जबकि 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इस मौके पर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से लदे अपने तिपहिया ऑटो रिक्शा में नौरंग बाजार के फाटक चौक पर धमाका कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि मरने वाले आठ लोगों में दो यातायात पुलिसकर्मी और एक महिला शामिल थीं जबकि घटना में 35 अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए सराय नौरंग के तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: Etihad Airways Flight Fire: अबू धाबी जाने वाले विमान के पंख में लगी भीषण आग, 280 यात्री थे सवार
कई लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए बन्नू तथा पेशावर के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया और सभी चिकित्सा कर्मचारियों को बुला लिया गया। 'रेस्क्यू 1122' के प्रवक्ता शाहदाब खान ने बताया कि राहत कार्य के लिए एम्बुलेंस और विभिन्न टीम घटनास्थल पर भेजी गईं।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहैल अफरीदी ने विस्फोट का संज्ञान लिया और पुलिस महानिरीक्षक को घटना पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, हम इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रांतीय सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।