Edited By Pardeep,Updated: 27 Jun, 2026 11:46 PM

पाकिस्तान के कराची शहर में सिंध रेंजर्स के मुख्यालय पर एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ है जिससे पूरा इलाका दहल गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार एक आत्मघाती हमलावर ने रेंजर्स कंपाउंड को निशाना बनाते हुए विस्फोटकों के साथ खुद को उड़ा लिया।
कराची: पाकिस्तान का कराची शहर शनिवार को एक भीषण आतंकी हमले से दहल उठा। शहर के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके के ब्लॉक-9 और यूनिवर्सिटी रोड के पास जोरदार धमाकों और भारी गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि जान गंवाने वाले आम नागरिक हैं या पाकिस्तान सिंध रेंजर्स के जवान।
रेंजर्स कैंप को बनाया निशाना
सूत्रों के मुताबिक, एक आत्मघाती हमलावर ने पाकिस्तान रेंजर्स के एक कैंप को निशाना बनाकर विस्फोट किया। चश्मदीदों के अनुसार, पहला धमाका बेहद शक्तिशाली था, जिसके तुरंत बाद दो और छोटे धमाके हुए। धमाकों के बाद करीब आधे घंटे तक इलाके में लगातार फायरिंग होती रही। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी संख्या ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।
जमात-उल-अहरार ने ली जिम्मेदारी
इस भीषण हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जमात-उल-अहरार (JuA) ने ली है। संगठन ने दावा किया है कि इस हमले में उनके 9 लड़ाके शामिल थे। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस हमले के पीछे प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े गुटों के हाथ होने की भी आशंका जता रही हैं।
बचाव कार्य और सुरक्षा घेरा
हमले के तुरंत बाद कराची पुलिस और पाकिस्तान रेंजर्स ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में एंबुलेंस पहुंचीं, जो घायलों को अस्पताल पहुंचा रही हैं। बताया जा रहा है कि हमले में कई सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जांच जारी है।