Edited By Anu Malhotra,Updated: 03 Feb, 2026 07:56 PM

उत्तर भारत में कुदरत के मिजाज ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण पूरे उत्तर भारत में मौसम अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले...
नई दिल्ली: उत्तर भारत में कुदरत के मिजाज ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण पूरे उत्तर भारत में मौसम अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 6-7 फरवरी तक बारिश और ठंड का यह दौर जारी रहने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 2 फरवरी को दूसरा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ी इलाकों में पहुंच चुका है और एक नया विक्षोभ 6 फरवरी की रात से प्रभावी होगा। आने वाले 48 घंटों के दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज बारिश का खतरा है।
प्रमुख राज्य और मौसम का पूर्वानुमान
दिल्ली-NCR: राजधानी में पिछले 24 घंटों से चल रही तेज हवाओं और हल्की बारिश ने तापमान गिरा दिया है। आज न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज किया गया। हालांकि, बारिश से प्रदूषण में सुधार हुआ है और AQI 200 के करीब बना हुआ है। अगले कुछ घंटों में और बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश: यूपी के पश्चिमी जिलों जैसे बिजनौर और मुजफ्फरनगर में ओलावृष्टि ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। IMD ने आगरा और मुरादाबाद मंडल सहित 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहाँ बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश: राजस्थान के जयपुर, अलवर और श्रीगंगानगर में पारा 7 से 11 डिग्री के बीच बना हुआ है। वहीं, मध्य प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों (भोपाल, ग्वालियर, सागर आदि) में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
बिहार और पंजाब: इन राज्यों में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक देखने को मिल रहा है, जिससे विजिबिलिटी कम रहने और कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।
पहाड़ों पर हिमस्खलन की चेतावनी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने घाटी वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन (Avalanche) का खतरा जताया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों का अपडेट
2 फरवरी को आए विक्षोभ के बाद अब 6 फरवरी की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसका मतलब है कि आने वाले पूरे हफ्ते उत्तर भारत को ठंड और बेमौसम बारिश से राहत मिलने की उम्मीद कम है। दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।