Edited By Pardeep,Updated: 12 May, 2026 10:09 PM

महाराष्ट्र के सांगली जिले में मंगलवार शाम तेज हवाओं और भारी बारिश के बाद एक मंदिर परिसर की दीवार ढहने और टीन की चादरें गिरने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 से 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के सांगली जिले में मंगलवार शाम तेज हवाओं और भारी बारिश के बाद एक मंदिर परिसर की दीवार ढहने और टीन की चादरें गिरने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 से 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना पश्चिमी महाराष्ट्र जिले की जठ तहसील के मोठेवाड़ी गांव में स्थित मार्गदेवी मंदिर में हुई। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को आमतौर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने आते हैं।
सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी ने बताया, "मंदिर परिसर में लगभग 350 श्रद्धालु मौजूद थे। शाम को अचानक तेज हवाओं और भारी बारिश ने इलाके को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे श्रद्धालु दीवार के सहारे और टीन की चादरों के नीचे शरण लेने लगे। अचानक दीवार और टीन की चादरें गिर गईं, जिससे श्रद्धालु अंदर फंस गए।"
उन्होंने बताया कि इस हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 से 14 अन्य घायल हो गए। दोशी ने बताया कि घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।