Edited By Parveen Kumar,Updated: 01 May, 2026 06:15 PM

हैदराबाद में शमशाबाद के पास सड़क हादसा हुआ है। आउटर रिंग रोड पर Exit-16 के पास खड़ी एक लॉरी से कार टकरा गई। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
नेशनल डेस्क : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार को आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी 'लॉरी' को पीछे से टक्कर मार दी और इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और मृतकों में एक महिला एवं तीन बच्चे शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि माल को सुरक्षित रखने वाली रस्सियों को कसने के लिए लॉरी को सड़क किनारे रोककर रखा गया था। पुलिस ने बताया कि एक परिवार के सात सदस्य कार से सफर कर रहे थे। उसने बताया कि एक घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है तथा उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह परिवार यादद्रि-भुवनगिरि जिले में एक मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर संतननगर लौट रहा था। उसने बताया कि हादसे में हताहत हुए लोग राजन्ना सिरसिल्ला जिले के सिरसिल्ला कस्बे के निवासी थे।
विधानसभा में सिरसिल्ला सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार के मुखिया सिरसिल्ला के एक बीआरएस नेता के भाई हैं। बीआरएस की एक विज्ञप्ति के अनुसार, रामाराव ने शोकसंतप्त परिवार से बातचीत की तथा घटना पर दुख प्रकट किया।