230 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं, इन राज्यों में जमकर होगी बारिश...IMD का अलर्ट

Edited By Updated: 12 Feb, 2025 08:10 AM

aaj ka mausam heat delhi ncr february weather north india

फरवरी की शुरुआत में ही दिल्ली-एनसीआर में गर्मी बढ़ने लगी है, जबकि देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत के कुछ इलाकों में दिन में तेज धूप महसूस की जा रही है, वहीं सुबह और शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान...

नेशनल डेस्क: फरवरी की शुरुआत में ही दिल्ली-एनसीआर में गर्मी बढ़ने लगी है, जबकि देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत के कुछ इलाकों में दिन में तेज धूप महसूस की जा रही है, वहीं सुबह और शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसका असर उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 फरवरी को गरज, बिजली और भारी बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश होने की उम्मीद है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। मध्य और पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। महाराष्ट्र में भी तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना जताई गई है।

कोहरे की बात करें तो हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 12 फरवरी को शीतलहर का असर रहेगा। बिहार में 12 फरवरी और पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे के इलाकों में 13 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत, पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 7-14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

पिछले 24 घंटों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा गया है। हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, मेघालय, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में तापमान बढ़ा है। पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और झारखंड के कुछ इलाकों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा।

दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। 12 से 14 फरवरी तक आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप निकलेगी, जिससे गर्मी महसूस होगी, लेकिन सुबह और शाम ठंडक बनी रहेगी। दोपहर में 18-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

 

 

 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!