Edited By Anu Malhotra,Updated: 17 Mar, 2026 09:57 AM

Pre-Monsoon Rain: इस साल सूरज के तीखे तेवरों ने वक्त से पहले ही लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया था, लेकिन कुदरत ने समय रहते राहत का पिटारा खोल दिया है। देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून की दस्तक ने न सिर्फ पारे को नीचे गिराया है, बल्कि झुलसती...
Pre-Monsoon Rain: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 17 से 18 मार्च के बीच देश के कई राज्यों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणालियों के कारण उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को अगले 48 घंटों तक मौसम में अचानक बदलाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर में भारी बौछारें और पहाड़ों पर गरजेंगे बादल
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय जैसे राज्यों के लिए अगले 48 घंटे काफी अहम रहने वाले हैं, क्योंकि यहां भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगर हम उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें, तो हिमालय की गोद में बसे इलाकों में बिजली की कड़क के साथ मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं। ऊंचे क्षेत्रों में न सिर्फ बादल बरसेंगे, बल्कि तेज हवाओं के झोंके भी मौसम को पूरी तरह खुशनुमा बना देंगे। मैदानी इलाकों में भी धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश के चलते तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
झारखंड से लेकर दक्षिण तक भीगेगी जमीन
बारिश का यह घेरा सिर्फ उत्तर तक सीमित नहीं है। झारखंड, ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ जैसे पूर्वी व मध्य भारतीय राज्यों में भी आसमानी बिजली की चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो गर्मी की तपिश को कम करने में मददगार साबित होंगी।
वहीं, दक्षिण और पश्चिम भारत की तरफ नजर डालें तो कोंकण, गोवा और मराठवाड़ा में भी इंद्रदेव मेहरबान हो सकते हैं। कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी गरज-चमक के साथ हल्की फुल्की बारिश होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर, आने वाले दो दिन देश के एक बड़े हिस्से के लिए 'कूल-कूल' रहने वाले हैं, जिससे लोगों को लू और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।