Edited By Anu Malhotra,Updated: 02 Feb, 2026 06:29 PM

कहते हैं कि शौक का कोई मोल नहीं होता और आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति ने इसे सच साबित कर दिखाया है। जहां 2 करोड़ रुपये में कई आलीशान घर या लग्जरी गाड़ियां खरीदी जा सकती हैं, वहीं इस शख्स ने यह भारी-भरकम रकम सिर्फ अपनी गाड़ी के एक खास नंबर के लिए खर्च...
नेशनल डेस्क: कहते हैं कि शौक का कोई मोल नहीं होता और आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति ने इसे सच साबित कर दिखाया है। जहां 2 करोड़ रुपये में कई आलीशान घर या लग्जरी गाड़ियां खरीदी जा सकती हैं, वहीं इस शख्स ने यह भारी-भरकम रकम सिर्फ अपनी गाड़ी के एक खास नंबर के लिए खर्च कर दी है। इसके साथ ही 'DDC 001' भारत का अब तक का सबसे महंगा बिकने वाला वाहन नंबर बन गया है।
ऐतिहासिक नीलामी और 2 करोड़ का 'VIP 001' नंबर
लग्जरी कारों की दुनिया के बड़े नाम 'बिग बॉय टॉयज' (BBT) ने हाल ही में अपना नया ऑक्शन हाउस (नीलामी घर) शुरू किया है। अपने पहले ही आयोजन में इस प्लेटफॉर्म ने एक बड़ा रिकॉर्ड कायम किया। गुंटूर के रहने वाले किरण कोलपाकुला ने 2.08 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर DDC 001 नंबर प्लेट को अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह खास नंबर खुद BBT के मालिक जतिन अहूजा के पास था।
पुराने रिकॉर्ड्स को बहुत पीछे छोड़ा
इस नई नीलामी ने पिछले सभी रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। इससे पहले भारत की सबसे महंगी नंबर प्लेट 'KL 07 DG 0007' थी, जिसे एक कारोबारी ने अपनी लेम्बोर्गिनी के लिए 46 लाख रुपये में खरीदा था। वहीं, हरियाणा में भी 'HR 88 B 8888' नंबर के लिए 1.17 करोड़ की बोली लगी थी, लेकिन भुगतान न होने के कारण वह डील रद्द हो गई थी। अब 2 करोड़ से ज्यादा की यह बोली देश के इतिहास में सबसे ऊपर पहुंच गई है।
नीलामी में सितारों की गाड़ियां और कीमती घड़ियां
इस ऑक्शन हाउस में सिर्फ नंबर ही नहीं, बल्कि नामी हस्तियों की पसंदीदा चीजें भी बिक रही हैं। नीलामी में क्रिकेटर दिनेश कार्तिक की रेंज रोवर, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की मर्सिडीज मेबैक और निर्देशक रोहित शेट्टी की लग्जरी कार भी शामिल है। इसके अलावा रोलैक्स और हब्लोट जैसी दुनिया की महंगी घड़ियों और खास वीआईपी मोबाइल नंबरों (जैसे 999999999X) के लिए भी बोलियां लगाई जा रही हैं।
दुर्लभ चीजों का देश का पहला ऑक्शन प्लेटफॉर्म
भारत में यह अपनी तरह का पहला प्लेटफॉर्म है जहाँ महंगी और दुर्लभ चीजों की नीलामी की जा रही है। किरण कोलपाकुला द्वारा खरीदी गई यह नंबर प्लेट दिखाती है कि भारत में विंटेज और वीआईपी नंबरों का क्रेज किस हद तक बढ़ चुका है। हालांकि, इतने महंगे नंबरों की खरीद के बाद अक्सर प्रशासन की नजरें भी खरीदार की आर्थिक स्थिति पर रहती हैं, जैसा कि पहले हरियाणा के मामले में देखा गया था।