Edited By Mehak,Updated: 04 Apr, 2026 05:46 PM

अगर आप कम बजट में कार खरीदने का सोच रहे हैं, तो सरकारी नीलामी आपके लिए सुनहरा मौका हो सकती है। इसमें आप सिर्फ 2 लाख रुपये में 8-10 लाख रुपये की कार खरीद सकते हैं। ये कारें बैंक जब्ती, सरकारी इस्तेमाल या पुराने वाहनों की होती हैं। नीलामी सरकारी...
नेशनल डेस्क : अगर आप कम बजट में कार खरीदने का सोच रहे हैं, तो सरकारी नीलामी आपके लिए एक शानदार मौका हो सकती है। इन नीलामियों में आप सिर्फ 2 लाख रुपये में ऐसी कार खरीद सकते हैं, जिसकी असली कीमत 8 से 10 लाख रुपये तक होती है। भारत में कई सरकारी विभाग और बैंक समय-समय पर पुरानी या जब्त की गई गाड़ियों को नीलामी के जरिए बेचते हैं। इन कारों की कीमत बाजार मूल्य से काफी कम होती है।
सस्ती कारें कैसे मिलती हैं?
सरकारी नीलामी में कारें इसलिए सस्ती होती हैं क्योंकि इनका मकसद मुनाफा कमाना नहीं बल्कि वाहन जल्दी बेच देना होता है। कई बार बैंक लोन न चुकाने पर गाड़ियों को जब्त कर लेते हैं और फिर उन्हें नीलामी में बेच देते हैं। इसके अलावा, सरकारी विभाग अपनी पुरानी गाड़ियों को बदलने के लिए बेचते हैं। इसी कारण से ये कारें बाजार में मिलने वाली कीमत से बहुत सस्ती होती हैं।
नीलामी कहां होती है?
नीलामी के लिए भारत में कई सरकारी वेबसाइट और प्लेटफॉर्म मौजूद हैं। उदाहरण के लिए, e-auction पोर्टल, बैंक की वेबसाइट और MSTC (Metal Scrap Trade Corporation) जैसी सरकारी साइट्स पर जाकर उपलब्ध कारों की सूची देखी जा सकती है। हर कार के साथ उसकी स्थिति, बेस प्राइस और अन्य जानकारी दी जाती है, जिससे खरीदार सही फैसला कर सके।
कार खरीदने की प्रक्रिया
सरकारी नीलामी से कार खरीदना थोड़ा अलग होता है। सबसे पहले आपको संबंधित वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होता है। इसके बाद आपको एक छोटी सिक्योरिटी राशि जमा करनी होती है, जिसे EMD (Earnest Money Deposit) कहा जाता है। फिर आप अपनी पसंद की कार पर बोली लगाते हैं। सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले को कार मिल जाती है। पेमेंट करने के बाद आप कार अपने नाम ट्रांसफर करवा सकते हैं।
सावधानियां और सुझाव
नीलामी में मिलने वाली कारें ज्यादातर “as is where is” कंडीशन में होती हैं, यानी आपको जो हालत है उसी में खरीदनी होती है। इसलिए कार की पूरी जानकारी पढ़ना और संभव हो तो पहले उसे देखना जरूरी है। पेपर और रजिस्ट्रेशन की जांच करना भी आवश्यक है, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो। इस तरह की नीलामी कम बजट वाले लोगों के लिए एक शानदार मौका है, लेकिन पूरी सावधानी और जानकारी के साथ ही बोली लगाना जरूरी है।