Edited By Parveen Kumar,Updated: 23 Oct, 2026 11:25 PM

बिहार के सीवान जिले में एक घर में रखे पटाखों में शुक्रवार शाम विस्फोट होने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क : बिहार के सीवान जिले में एक घर में रखे पटाखों में शुक्रवार शाम विस्फोट होने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "सीवान के जोमो इलाके में एक घर के अंदर शुक्रवार शाम विस्फोट होने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य के घायल होने की सूचना है।" उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस घर में विस्फोट हुआ, उसमें पटाखे रखे हुए थे। संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं, वे घटनास्थल से निकलकर अपने रिश्तेदारों के पास चले गए। उन्होंने कहा, "हम उन लोगों का पता लगा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, घटनास्थल की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाने के दौरान इलाके की घेराबंदी की गई।
बयान में कहा गया कि घटनास्थल पर अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वॉड और चिकित्सा दलों को भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा संबंधित थानाध्यक्ष और चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।