Edited By Sahil Kumar,Updated: 18 Oct, 2025 02:23 PM

धनतेरस और दिवाली के अवसर पर सोना खरीदने वालों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने ‘BIS Care’ नामक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप से ग्राहक सोने और चांदी के गहनों की हॉलमार्क और शुद्धता की तुरंत जांच कर सकते हैं। नकली गहनों से बचाव के लिए यह ऐप बेहद...
नेशनल डेस्कः धनतेरस और दिवाली के खास मौके पर सोना खरीदने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने एक नया मोबाइल ऐप ‘BIS Care’ लॉन्च किया है, जिससे अब ग्राहक सोने और चांदी के गहनों की शुद्धता और हॉलमार्क की असलियत आसानी से जांच सकते हैं। बढ़ते सोने के दाम और नकली गहनों के डर के बीच यह ऐप खरीदारी को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने में मदद करेगा।
धनतेरस और दिवाली के मौके पर पारंपरिक रूप से सोना खरीदना शुभ माना जाता है। शादी का सीजन भी नजदीक है, जिससे सोने की मांग में तेजी आई है। लेकिन सोने के बढ़ते दाम और नकली गहनों के बाजार में बढ़ते मामलों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में सोने की शुद्धता की जांच बेहद जरूरी हो जाती है ताकि ठगी से बचा जा सके।
‘BIS Care’ ऐप क्या है?
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने ‘BIS Care’ नाम का एक आधिकारिक मोबाइल ऐप बनाया है, जो सोने और चांदी के गहनों पर लगे हॉलमार्क और ISI मार्क की जांच की सुविधा देता है। यह ऐप एंड्रॉयड और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है और इसे अब तक 50 लाख से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। ऐप की मदद से ग्राहक गहनों की असलियत आसानी से पता कर सकते हैं।
‘BIS Care’ ऐप कैसे काम करता है?
BIS के अनुसार सोने की हॉलमार्किंग विभिन्न कैरेट में की जाती है जैसे 14K, 18K, 20K, 22K, 23K और 24K। इस ऐप में ग्राहक गहनों पर अंकित ISI मार्क, हॉलमार्क या CRS रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर उसकी शुद्धता जांच सकते हैं। HUID नंबर डालने पर निर्माता का नाम, पता, रजिस्ट्रेशन की वैधता और प्रोडक्ट की कैटेगरी जैसी पूरी जानकारी मिलती है। इससे नकली और असली गहनों में फर्क करना आसान हो जाता है।
‘BIS Care’ ऐप डाउनलोड और इस्तेमाल कैसे करें?
- Google Play Store या Apple App Store से ‘BIS Care’ ऐप डाउनलोड करें।
- ऐप में लॉगिन या रजिस्ट्रेशन करें।
- ‘Verify License Details’ में प्रोडक्ट पर लगे मार्क को स्कैन करें या नंबर डालें।
- ‘Verify HUID’ में गहने का HUID कोड डालकर असलियत जांचें।
- ‘Know Your Standards’ सेक्शन में जाकर BIS मानक और टेस्टिंग लैब की जानकारी लें।
खुद अपने गहनों की शुद्धता की पुष्टि कर सकते
‘BIS Care’ ऐप की मदद से ग्राहक खुद अपने गहनों की शुद्धता की पुष्टि कर सकते हैं। इससे न केवल नकली गहनों से बचाव होता है, बल्कि खरीदारी में भी भरोसा बढ़ता है। धनतेरस और शादी के सीजन में यह ऐप उन सभी लोगों के लिए बेहद उपयोगी है जो असली और शुद्ध सोना खरीदना चाहते हैं। इससे आपका त्योहार और निवेश दोनों सुरक्षित रहते हैं।