Edited By Parveen Kumar,Updated: 29 Mar, 2026 11:30 PM

आज के दौर में लिवर से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिसकी बड़ी वजह खराब लाइफस्टाइल, असंतुलित खानपान और जंक फूड का बढ़ता सेवन है। लिवर शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो डिटॉक्सिफिकेशन, पाचन और जरूरी पोषक तत्वों को स्टोर करने का काम करता है।...
नेशनल डेस्क : आज के दौर में लिवर से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिसकी बड़ी वजह खराब लाइफस्टाइल, असंतुलित खानपान और जंक फूड का बढ़ता सेवन है। लिवर शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो डिटॉक्सिफिकेशन, पाचन और जरूरी पोषक तत्वों को स्टोर करने का काम करता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि लिवर सही ढंग से काम नहीं करता, तो फैटी लिवर, हेपेटाइटिस और लिवर डैमेज जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। ऐसे में लिवर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए सही डाइट और अच्छी आदतें बेहद जरूरी हैं।
दिल्ली के लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर एचओडी डॉ. एल.एच. घोटेकर के अनुसार, खानपान में लापरवाही से लिवर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे इसकी कार्यक्षमता धीरे-धीरे कमजोर होने लगती है। उन्होंने बताया कि लिवर को स्वस्थ रखने के लिए सबसे पहले ज्यादा तला-भुना और ऑयली फूड से दूरी बनानी चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में फैट जमा होता है और फैटी लिवर की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा, अधिक मात्रा में मीठा और शुगर युक्त खाद्य पदार्थ भी लिवर में फैट बढ़ाने के साथ-साथ इंसुलिन रेजिस्टेंस का कारण बनते हैं।
विशेषज्ञों ने तीसरी सबसे हानिकारक श्रेणी के रूप में प्रोसेस्ड और पैकेज्ड फूड को बताया है। इन खाद्य पदार्थों में मौजूद प्रिजर्वेटिव्स और केमिकल्स लिवर पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और लंबे समय तक सेवन करने पर गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा सकते हैं। इसलिए इन तीनों प्रकार के खाद्य पदार्थों से परहेज करना बेहतर माना जाता है।
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए हरी सब्जियां, फल और फाइबर से भरपूर आहार को दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए। पालक, ब्रोकली, गाजर और चुकंदर जैसे खाद्य पदार्थ लिवर के लिए फायदेमंद होते हैं। इसके अलावा, लहसुन और हल्दी भी लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी आवश्यक है, जिससे शरीर से विषैले तत्व बाहर निकलते हैं।
विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि केवल खानपान ही नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल में सुधार भी उतना ही जरूरी है। नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण, शराब से दूरी और समय-समय पर हेल्थ चेकअप करवाना लिवर को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।