Edited By Anu Malhotra,Updated: 25 Mar, 2026 09:17 AM

Railway News: भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए आईआरसीटीसी (IRCTC) प्लेटफॉर्म पर मौजूद दलालों और फर्जी आईडी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, सिस्टम से लगभग 3 करोड़ ऐसे फर्जी अकाउंट्स...
Railway News: भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए आईआरसीटीसी (IRCTC) प्लेटफॉर्म पर मौजूद दलालों और फर्जी आईडी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, सिस्टम से लगभग 3 करोड़ ऐसे फर्जी अकाउंट्स को हमेशा के लिए डिलीट कर दिया गया है जिनका इस्तेमाल अवैध तरीके से टिकटों की जमाखोरी के लिए किया जा रहा था। इस कदम का सीधा मकसद यह है कि आम और जरूरतमंद यात्रियों को बिना किसी परेशानी के कंफर्म टिकट मिल सके। अब दलालों के निष्क्रिय होने से न केवल टिकट बुकिंग आसान होगी, बल्कि यात्रियों का डेटा भी पहले से ज्यादा सुरक्षित रहेगा।
तत्काल बुकिंग के लिए नया 'कवच' और Railone App
रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 'ओटीपी' (OTP) आधारित वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है। अब केवल वही यूजर्स तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे जिनकी पहचान पूरी तरह वेरिफाइड होगी। इसके अलावा, यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नया 'यूनिफाइड Railone ऐप' लॉन्च किया गया है और सर्वर की क्षमता को भी कई गुना बढ़ाया गया है ताकि तत्काल विंडो खुलते ही वेबसाइट क्रैश होने की पुरानी समस्या खत्म हो जाए। एक और महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब थर्ड-पार्टी ऐप्स पर तत्काल टिकट बुकिंग मुख्य विंडो खुलने के आधे घंटे बाद ही शुरू होगी, जिससे आईआरसीटीसी के डायरेक्ट यूजर्स को प्राथमिकता मिलेगी।
रिफंड और कैंसिलेशन अब और भी आसान
टिकट कैंसिल करने की प्रक्रिया को लेकर भी नियमों को काफी लचीला और सुविधाजनक बनाया गया है। अब ई-टिकट कैंसिल करने पर यात्रियों को मैन्युअली टीडीआर (TDR) भरने की झंझट से मुक्ति मिल गई है; यह काम अब ऑटोमैटिक होगा और रिफंड सीधे आपके खाते में आ जाएगा। कैंसिलेशन चार्जेस के नए स्लैब के अनुसार, अगर आप ट्रेन छूटने से 72 घंटे पहले टिकट कैंसिल करते हैं, तो आपको अधिकतम रिफंड मिलेगा। वहीं, 72 से 24 घंटे के बीच 25% और 24 से 8 घंटे के बीच कैंसिल करने पर 50% राशि काटी जाएगी। चार्ट बनने या ट्रेन छूटने के 8 घंटे के भीतर कोई रिफंड नहीं दिया जाएगा।
बोर्डिंग स्टेशन बदलने और पेपर टिकट पर नई सुविधा
यात्रियों की सुविधा के लिए अब बोर्डिंग स्टेशन बदलने की डेडलाइन को ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले तक कर दिया गया है। इसके अलावा, अब काउंटर से लिए गए फिजिकल टिकट को लेकर किसी भी रिजर्वेशन सेंटर पर जाकर कैंसिल कराया जा सकता है, जबकि पहले इसे उसी स्टेशन से कैंसिल कराना होता था जहाँ से उसे खरीदा गया था। अगर आप चाहें तो काउंटर टिकट को ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी कैंसिल कर सकते हैं, बस रिफंड लेने के लिए आपको किसी भी नजदीकी काउंटर पर जाकर अपना मूल टिकट जमा करना होगा।