Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Oct, 2025 10:09 AM
देश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है लेकिन जाते-जाते यह कई राज्यों में तेज और मूसलाधार बारिश का कहर बरपा सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में जोरदार बारिश का अलर्ट...
नेशनल डेस्क। देश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है लेकिन जाते-जाते यह कई राज्यों में तेज और मूसलाधार बारिश का कहर बरपा सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी रेखा फिलहाल अलीबाग, अहिल्या नगर, अकोला, जबलपुर, वाराणसी से होकर गुजर रही है। अगले 2 से 3 दिनों में यह रेखा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के और हिस्सों में पहुंचेगी जिसके कारण इन राज्यों में भारी वर्षा की आशंका है। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश (MP), ओडिशा और महाराष्ट्र में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में 12 और 13 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलने की भी संभावना है। बलिया, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हाथरस, कासगंज, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, अलीगढ़, बंदायू, बुलंदशहर, संभल, हापुड़, अमरोहा, मेरठ, बिजनौर आदि जिलों में बारिश हो सकती है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने पहले ही मथुरा और नोएडा समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बना दिए हैं।
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में अलर्ट
10 से 12 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर तूफानी बारिश की संभावना। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 और 13 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की चेतावनी। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

दक्षिण भारत में 'बहुत भारी वर्षा' की चेतावनी
IMD ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश की आशंका जताई है:
केरल और तमिलनाडु: 12 से 14 अक्टूबर तक भारी बारिश।
कर्नाटक और आंध्र प्रदेश: 12 से 13 अक्टूबर को भारी बारिश।

गंभीर चेतावनी: मौसम विभाग के मुताबिक, केरल और कर्नाटक में बहुत से बहुत भारी वर्षा हो सकती है जिसके दौरान बिजली गिरने की भी संभावना है।
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
भारत मौसम विभाग ने 12 से 14 अक्टूबर तक अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज लहरों और आंधी की संभावना जताई है। सुरक्षा के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने इन सभी क्षेत्रों के किसानों और स्थानीय प्रशासन को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है।