Edited By Pardeep,Updated: 15 Mar, 2026 09:53 PM

हिमाचल प्रदेश में अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण प्रसिद्ध अटल टनल के दोनों छोर पर हालात मुश्किल हो गए हैं। बर्फ गिरने की वजह से यहां 1000 से ज्यादा वाहन जाम में फंस गए, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक टनल के आसपास ही रुक गए। स्थिति की जानकारी मिलते ही...
नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण प्रसिद्ध अटल टनल के दोनों छोर पर हालात मुश्किल हो गए हैं। बर्फ गिरने की वजह से यहां 1000 से ज्यादा वाहन जाम में फंस गए, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक टनल के आसपास ही रुक गए। स्थिति की जानकारी मिलते ही मनाली पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। राहत-बचाव दल फंसे लोगों और वाहनों को सुरक्षित निकालने में जुटे हुए हैं।
टनल के दोनों तरफ आधा-आधा फीट बर्फबारी
रविवार को अचानक मौसम खराब होने के बाद अटल टनल के दोनों छोर पर करीब आधा-आधा फीट बर्फबारी हुई। इसके कारण सड़क पर बर्फ की मोटी परत जम गई और कई वाहनों के पहिए फिसलने लगे। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए इस इलाके में पहुंचे थे। इसी दौरान मौसम तेजी से बदला और भारी स्नोफॉल शुरू हो गया, जिससे कई गाड़ियां टनल और आसपास के रास्तों में फंस गईं।
धुंधी की ओर उतराई में फिसल रहे वाहन
अटल टनल से धुंधी की ओर उतराई वाले रास्ते पर बर्फ ज्यादा जमा होने से पर्यटन वाहनों को चलाने में काफी दिक्कत आ रही है। सड़क पर बर्फ और फिसलन की वजह से कई गाड़ियां धीरे-धीरे आगे बढ़ रही हैं या वहीं रुक गई हैं।
8 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम
प्रशासन के अनुसार हॉकी पुल से लेकर अटल टनल के दूसरे छोर तक करीब 8 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। इस जाम में 1000 से ज्यादा वाहन फंसे हुए हैं। राहत और बचाव टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और पुलिस लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिश कर रही है।
पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और भारी बर्फबारी को देखते हुए इस इलाके में यात्रा करते समय पूरी सावधानी बरतें। साथ ही सलाह दी गई है कि बिना जरूरी काम के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।