Edited By Mehak,Updated: 26 Mar, 2026 01:37 PM

एलपीजी की कमी के बीच Electric Charcoal Burner सस्ता और आसान विकल्प बनकर उभरा है। करीब 1000 रुपये में मिलने वाला यह इलेक्ट्रिक चूल्हा बिजली से कोयले को गर्म करके खाना पकाने में मदद करता है। इसमें गैस की जरूरत नहीं होती और खुली आग भी नहीं होती, जिससे...
नेशनल डेस्क : LPG गैस की कमी के चलते लोगों को खाना बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ रही है। जहां पहले गैस चूल्हा हर घर की जरूरत था, वहीं अब लोग फिर से पुराने तरीकों या नए उपकरणों की ओर रुख कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक चूल्हे की वापसी देखने को मिल रही है, जबकि शहरी इलाकों में इंडक्शन स्टोव और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी बीच Electric Charcoal Burner एक सस्ता और सुविधाजनक विकल्प बनकर सामने आया है।
क्या है Electric Charcoal Burner?
Electric Charcoal Burner एक ऐसा उपकरण है जो बिजली की मदद से कोयले को गर्म करता है। यह गैस या खुली आग के बजाय इलेक्ट्रिक हीटिंग सिस्टम पर काम करता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए बस बिजली के सॉकेट में प्लग लगाना होता है। कुछ ही समय में इसमें रखा कोयला गर्म हो जाता है, जिसके बाद आप आसानी से खाना बना सकते हैं। यह चाय, सब्जी, रोटी जैसे रोजमर्रा के कामों के लिए उपयोगी है।
कैसे काम करता है यह उपकरण?
इस डिवाइस के अंदर एक हीटिंग एलिमेंट होता है, जो बिजली मिलने पर गर्म हो जाता है। यह गर्मी धीरे-धीरे कोयले तक पहुंचती है और उसे जलने लायक बना देती है। कोयला जब अच्छी तरह गर्म हो जाता है, तब उससे उत्पन्न गर्मी पर खाना पकाया जाता है। इस प्रक्रिया में गैस सिलेंडर या खुली आग की जरूरत नहीं होती।
इसमें कौन-कौन से हिस्से होते हैं?
Electric Charcoal Burner में कुछ मुख्य भाग शामिल होते हैं:
- हीटिंग एलिमेंट (कॉयल) : यह बिजली से गर्म होकर कोयले को जलाने में मदद करता है।
- मेटल ट्रे : इसमें कोयला रखा जाता है, जिससे वह एक जगह स्थिर रहता है और समान रूप से गर्म होता है।
- टेंपरेचर कंट्रोल नॉब : इसकी मदद से आप गर्मी को अपनी जरूरत के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।
- इंडिकेटर लाइट : यह बताती है कि उपकरण चालू है या बंद।
- ऑटोमैटिक शटऑफ (कुछ मॉडलों में) : सुरक्षा के लिए यह फीचर ओवरहीट होने पर डिवाइस को बंद कर देता है।
क्या हैं इसके फायदे?
Electric Charcoal Burner कई मायनों में उपयोगी साबित हो रहा है:
- हर तरह के बर्तन का उपयोग : इसमें किसी भी प्रकार के बर्तन का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- आसान उपयोग और रखरखाव : इसे चलाना और साफ रखना दोनों आसान है।
- कम कीमत : यह गैस या अन्य उपकरणों के मुकाबले सस्ता होता है।
- सुरक्षित विकल्प : इसमें खुली आग की लपटें नहीं होतीं, जिससे जोखिम कम होता है।
- तेजी से गर्म होना : यह जल्दी गर्म हो जाता है, जिससे खाना जल्दी तैयार होता है।
- कम धुआं : इसमें पारंपरिक चूल्हे की तरह ज्यादा धुआं नहीं निकलता।
- पोर्टेबल डिजाइन : हल्का होने के कारण इसे कहीं भी आसानी से ले जाया जा सकता है।
क्यों बढ़ रही है इसकी मांग?
गैस की अनिश्चित उपलब्धता और बढ़ती कीमतों के कारण लोग सस्ते और भरोसेमंद विकल्प तलाश रहे हैं। Electric Charcoal Burner इस जरूरत को पूरा करता है। यह खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो कम खर्च में सुरक्षित और सरल खाना पकाने का साधन चाहते हैं।