Edited By Pardeep,Updated: 03 Jan, 2026 06:40 AM

राष्ट्रीय राजधानी में घने कोहरे के कारण शनिवार सुबह दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘येलो' अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि तीन से छह जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में शीत लहर...
नेशनल डेस्कः राष्ट्रीय राजधानी में घने कोहरे के कारण शनिवार सुबह दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘येलो' अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि तीन से छह जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की आशंका है। दिल्ली में 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 236 दर्ज किया गया, जबकि पिछले दिन यह 380 दर्ज किया गया था।
आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम था जबकि न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। निगरानी केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, लोधी रोड में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद आयानगर में 17.2 डिग्री सेल्सियस, रिज में 14 डिग्री सेल्सियस और पालम में 16.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पालम और लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा, इसके बाद रिज पर न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 8.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को न्यूनतम तापमान के सात डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान के 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने तीन से छह जनवरी के बीच दिल्ली और हरियाणा के कुछ सुदूर इलाकों में शीत लहर चलने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
आईएमडी के अनुसार, शीत लहर तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य औसत तापमान से 4.5-6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर जाता है। मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग में दृश्यता सबसे कम रही जो बृहस्पतिवार और शुक्रवार दरमियानी रात डेढ़ बजे से दो बजे के बीच 800 मीटर दर्ज की गई और ये बाद में रात ढाई बजे तक बढ़कर 1,200 मीटर हो गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर' ऐप से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 15 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई जबकि 20 केंद्रों में ‘खराब' श्रेणी में और एक केंद्र में ‘बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। एनएसआईटी द्वारका में शाम के समय वायु गुणवत्ता सर्वाधिक खराब रही और एक्यूआई 367 दर्ज किया गया। सुबह के समय, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब' श्रेणी में बनी रही और एक्यूआई 302 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के वर्गीकरण के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा', 51 से 100 ‘संतोषजनक', 101 से 200 ‘मध्यम', 201 से 300 ‘खराब', 301 से 400 ‘बहुत खराब' और 401 से 500 ‘गंभीर' माना जाता है।