Edited By Pardeep,Updated: 10 Jan, 2026 11:13 PM

मिजोरम के क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर आई है। राज्य के मशहूर और प्रतिभाशाली क्रिकेटर लालरेमरूता खियांग्ते का 37 साल की उम्र में निधन हो गया। यह दुखद घटना खेल के मैदान पर ही हुई, जिससे पूरे देश के क्रिकेट प्रेमी शोक में डूब गए हैं।
नेशनल डेस्कः मिजोरम के क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर आई है। राज्य के मशहूर और प्रतिभाशाली क्रिकेटर लालरेमरूता खियांग्ते का 37 साल की उम्र में निधन हो गया। यह दुखद घटना खेल के मैदान पर ही हुई, जिससे पूरे देश के क्रिकेट प्रेमी शोक में डूब गए हैं।
मैच खेलते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
यह घटना गुरुवार को मिजोरम के सिहमुई (Sihhmui) में खेले जा रहे एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान हुई। खियांग्ते अपनी टीम ‘वेनघ्नुई रेडर्स क्रिकेट क्लब’ की ओर से ‘चावनपुई ILMOV क्रिकेट क्लब’ के खिलाफ मैच खेल रहे थे। खेल के दौरान उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वे मैदान पर ही गिर पड़े। साथियों और आयोजकों ने तुरंत उन्हें चिकित्सा सहायता दिलाई और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि उन्हें स्ट्रोक आया था, जो जानलेवा साबित हुआ।
रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी थे लालरेमरूता खियांग्ते
लालरेमरूता खियांग्ते मिजोरम के जाने-माने क्रिकेटर थे। उन्होंने 2018 से 2022 के बीच मिजोरम की सीनियर टीम के लिए खेला।
उनका क्रिकेट करियर इस तरह रहा —
-
2 रणजी ट्रॉफी (First Class) मैच
-
7 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (T20) मैच
-
कई स्थानीय और क्लब टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन
वे मिजोरम के कई प्रमुख क्लबों के मुख्य खिलाड़ी रहे और युवाओं के लिए एक प्रेरणा थे।
खेल मंत्री और क्रिकेट संघ ने जताया शोक
मिजोरम के खेल एवं युवा सेवा मंत्री लालंगिंगलोवा हमार ने खियांग्ते के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा— “लालरेमरूता खियांग्ते का इस तरह मैदान पर निधन होना पूरे खेल जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्हें मैच के दौरान सांस लेने में तकलीफ हुई थी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।” वहीं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मिजोरम (CAM) ने भी आधिकारिक बयान जारी कर कहा— “लालरेमरूता खियांग्ते एक समर्पित और मेहनती खिलाड़ी थे। उन्होंने रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मिजोरम का नाम रोशन किया। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं।”
पूरे मिजोरम में शोक की लहर
एक खिलाड़ी का मैदान पर इस तरह अचानक चला जाना पूरे राज्य के लिए सदमे जैसा है। खेल प्रेमी, साथी खिलाड़ी और प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मिजोरम क्रिकेट ने एक ऐसा खिलाड़ी खो दिया है, जिसने राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी।