Edited By Anu Malhotra,Updated: 25 Mar, 2026 08:41 AM

LPG cylinder booking rules: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सरकार ने घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने ग्राहकों के लिए बुकिंग के कुछ सख्त नियम लागू किए हैं, ताकि हर घर तक ईंधन बिना किसी रुकावट...
LPG cylinder booking rules: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सरकार ने घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने ग्राहकों के लिए बुकिंग के कुछ सख्त नियम लागू किए हैं, ताकि हर घर तक ईंधन बिना किसी रुकावट के पहुंच सके। अब आप महीने में मनमाने सिलेंडर नहीं मंगवा सकेंगे। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, एक ग्राहक एक महीने में अधिकतम दो ही सिलेंडर बुक कर सकता है। अगर कोई इससे ज्यादा की कोशिश करता है, तो बुकिंग सिस्टम उसे ऑटोमैटिक ब्लॉक कर देगा या आपसे कड़ी पूछताछ की जा सकती है।
साल भर का कोटा और बुकिंग का नया अंतराल
नियमों को स्पष्ट करते हुए बताया गया है कि सरकार हर वित्तीय वर्ष (अप्रैल से मार्च) में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर मुहैया कराती है। अगर आपकी जरूरत इससे ज्यादा है, तो आप 3 अतिरिक्त सिलेंडर बिना सब्सिडी के भी ले सकते हैं। इस तरह एक कनेक्शन पर साल भर में कुल 15 सिलेंडर ही मिल पाएंगे। इसके अलावा, दो बुकिंग के बीच लगने वाले समय को भी बदल दिया गया है। पहले जहां आप 21 दिन बाद दूसरा सिलेंडर ले सकते थे, अब उस समय को बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। यानी अब आपको अगली बुकिंग के लिए पिछले सिलेंडर के बाद कम से कम 25 दिन का इंतजार करना ही होगा।
ज्यादा सिलेंडर चाहिए तो देना होगा 'Hello BPCL' पर हिसाब
अगर आप अपना सालाना कोटा (12 सिलेंडर) पूरा कर चुके हैं और आपको फिर भी गैस की जरूरत है, तो अब प्रक्रिया थोड़ी चुनौतीपूर्ण होगी। इसके लिए आपको 'Hello BPCL' ऐप का सहारा लेना होगा। ऐप के जरिए आपको कंपनी को यह बताना होगा कि आखिर आपको अतिरिक्त गैस क्यों चाहिए। क्या घर में कोई शादी-ब्याह है या कोई बड़ा फंक्शन? यहाँ तक कि आपको आने वाले मेहमानों की संख्या भी बतानी पड़ सकती है। आपके जवाबों की समीक्षा करने के बाद ही कंपनी तय करेगी कि आपको एक्स्ट्रा सिलेंडर दिया जाए या नहीं।
OTP और e-KYC अब है बेहद जरूरी
सुरक्षा और सही पहचान के लिए अब सिलेंडर लेते समय आपके मोबाइल पर एक वन-टाइम पासवर्ड (DAC) आएगा, जिसे डिलीवरी मैन को बताना अनिवार्य होगा। इसके बिना सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पाएगी। साथ ही, अब आपकी बुकिंग केवल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही मान्य होगी। अगर आपका नंबर बदल गया है, तो उसे तुरंत अपडेट करा लें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सरकार ने e-KYC को अनिवार्य कर दिया है। अगर आपकी KYC अधूरी है, तो आपकी सब्सिडी रुक सकती है और बुकिंग में भी बड़ी दिक्कतें आ सकती हैं।