Edited By Pardeep,Updated: 12 Oct, 2025 11:32 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से लखनऊ की एक महिला ने ऐसा काम कर दिखाया है, जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके।
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से लखनऊ की एक महिला ने ऐसा काम कर दिखाया है, जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके। उन्होंने एक तरह से ‘मोरिंगा आर्मी' खड़ी कर प्रदेश की महिला किसानों को न सिर्फ आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई ऊर्जा भर दी। रविवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया है कि इस महिला ने राज्य भर की महिला किसानों को सशक्त बनाया है, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार किया है।
लखनऊ की कामिनी सिंह ने एक एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) के माध्यम से एक हज़ार से ज़्यादा महिला किसानों को एक साथ लाकर एक नई पहल की शुरुआत की है। उन्होंने उन्हें सहजन (मोरिंगा) की खेती के लिए प्रेरित किया और मूल्यवर्धित उत्पादों को बढ़ावा देकर बाज़ार तक उनकी पहुंच सुनिश्चित की। उनकी सफलता से प्रभावित होकर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें दिल्ली आमंत्रित किया। मोदी ने उनसे मुलाकात की और मोरिंगा की खेती की बारीकियों के बारे में जाना।
बयान के अनुसार महिलाओं की मेहनत का परिणाम है कि आज ये सभी मिलकर डेढ़ दर्जन से अधिक उत्पाद तैयार कर रही हैं। इनकी कंपनी डॉक्टर मोरिंगा में मोरिंगा पाउडर, टैबलेट, चाय, हैंडमेड साबुन, मोरिंगा सीड ऑयल, बिस्कुट और चर्चित मोरिंगा लड्डू शामिल हैं। इन उत्पादों की बिक्री न केवल ‘ऑफलाइन मार्केट' में हो रही है, बल्कि ‘ऑनलाइन प्लेटफॉर्म' पर भी इनकी भारी मांग है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह टीम उसी सोच का सशक्त उदाहरण बन गई है। अब ये महिलाएं न सिर्फ अपनी आजीविका चला रही हैं बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं।