Edited By Mehak,Updated: 23 Jul, 2025 01:12 PM

क्या आपने कभी किसी को नींद में चित्र बनाते देखा है? सुनने में अजीब लगता है, लेकिन वेल्स के रहने वाले Lee Hadwin को दुनिया भर में 'Sleep Artist' कहा जाता है। वजह ये है कि वे सोते-सोते इतनी शानदार और जटिल पेंटिंग बना देते हैं, जो जागते हुए भी नहीं बना...
नेशनल डेस्क : क्या आपने कभी किसी को नींद में चित्र बनाते देखा है? सुनने में अजीब लगता है, लेकिन वेल्स के रहने वाले Lee Hadwin को दुनिया भर में 'Sleep Artist' कहा जाता है। वजह ये है कि वे सोते-सोते इतनी शानदार और जटिल पेंटिंग बना देते हैं, जो जागते हुए भी नहीं बना पाते।
बचपन से शुरू हुई ये अनोखी आदत
ली ने बचपन से ही नींद में उठकर दीवारों पर अजीब-सी रेखाएं बनानी शुरू कर दी थीं। जब वे सिर्फ 4 साल के थे, तब भी रात में उठकर दीवारों पर कुछ न कुछ बना देते थे। धीरे-धीरे उनकी ये आदत कला में बदल गई।
15 साल की उम्र में बनाई थी मर्लिन मुनरो की तस्वीर
ली बताते हैं कि जब वे 15 साल के थे, तब भी किसी भी जगह, चाहे दोस्त के घर ही क्यों न हों, रात में उठकर पेंटिंग बना देते थे। सिर्फ आड़ी-तिरछी रेखाएं ही नहीं, बल्कि मर्लिन मुनरो, परियों, घोड़ों, इंसानों की आकृतियों और अनदेखे खूबसूरत दृश्यों तक की पेंटिंग बना देते थे।
नींद में ही दिखती है कमाल की कला
सबसे हैरानी की बात ये है कि ली जागते हुए इतनी शानदार पेंटिंग नहीं बना पाते। वे कहते हैं कि जागने के बाद अगर वही औज़ार इस्तेमाल भी करें तो नींद में बनी कलाकृतियों जैसी क्वालिटी नहीं ला पाते। उनके कला शिक्षक भी इस बात से हैरान रह गए थे।

किसी भी चीज़ से बना लेते हैं पेंटिंग
ली के पास अगर ब्रश या पेंट न भी हो, तो भी वे पेंटिंग बना लेते हैं। कभी चिकन की हड्डियों से, तो कभी कोयले से भी उन्होंने चित्र बनाए। इसलिए वे अपने सारे पेंटिंग टूल्स को एक ही दराज में रखते हैं ताकि रात में नींद में उठकर उन्हें आसानी से मिल जाए।
हर पेंटिंग के बाद थकान और माइग्रेन
नींद में पेंटिंग करने के बाद ली दोबारा सो जाते हैं। सुबह जब उठते हैं तो उन्हें तेज़ सिरदर्द और थकान महसूस होती है। कई बार वे एक-एक घंटे तक पेंटिंग करते रहते हैं और फिर बिस्तर पर लौट जाते हैं।
क्यों बनाते हैं नींद में पेंटिंग?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, Cardiff University की Professor Penny Lewis बताती हैं कि नींद में चलना या कोई काम करना तब होता है जब दिमाग का तार्किक हिस्सा तो सो रहा होता है, लेकिन भावनाओं को नियंत्रित करने वाला लिम्बिक सिस्टम सक्रिय रहता है। ली की पेंटिंग्स के पीछे भी यही वजह मानी जा रही है।

आज भी बना हुआ है रहस्य
ली की इस अनोखी प्रतिभा को लेकर ब्रिटेन और विदेशों में कई डॉक्टर और वैज्ञानिक रिसर्च कर चुके हैं। एडिनबर्ग स्लीप क्लिनिक ने उन्हें 'वास्तव में अद्वितीय' बताया है। फिर भी नींद में उनकी कला का राज आज तक कोई पूरी तरह नहीं समझ पाया है। उनकी ये खासियत मीडिया में कई बार दिखाई जा चुकी है। अब हिस्ट्री चैनल पर भी उनकी कहानी दिखाने की तैयारी है।