Edited By Anu Malhotra,Updated: 10 Jul, 2025 11:16 AM

गूगल में काम करने वाली भारतीय मूल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर मैत्री मंगल ने न्यूयॉर्क शहर में अपनी भारी-भरकम सैलरी और उससे जुड़े महंगे खर्चों का खुलासा किया है। 1.6 करोड़ रुपये सालाना के पैकेज के बावजूद भी उनकी बचत बहुत कम होती है, जो इस बात को समझने में...
नेशनल डेस्क: आजकल बड़े शहरों में कमाई जितनी ज्यादा होती है, वहीं खर्च भी उसी अनुपात में बढ़ जाता है। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें गूगल में काम करने वाली भारतीय मूल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर मैत्री मंगल ने न्यूयॉर्क शहर में अपनी भारी-भरकम सैलरी और उससे जुड़े महंगे खर्चों का खुलासा किया है। 1.6 करोड़ रुपये सालाना के पैकेज के बावजूद भी उनकी बचत बहुत कम होती है, जो इस बात को समझने में मदद करता है कि महंगी जिंदगी किस तरह लोगों की जेब पर भारी पड़ती है।
गूगल में औसत सैलरी कितनी?
वीडियो में बताया गया कि गूगल में विभिन्न पदों के लिए औसतन 1.6 करोड़ रुपये सालाना का पैकेज मिलता है। यह सैलरी सुनने में तो बहुत बड़ी लगती है, लेकिन न्यूयॉर्क जैसे महंगे शहर में रहने के बाद इसका बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता है।
न्यूयॉर्क में खर्चों का सच
मैत्री ने खुलासा किया कि न्यूयॉर्क में उनका मासिक खर्च लगभग 5,000 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 4.2 लाख रुपये है। इस खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा उनका मकान किराया है, जो लगभग 3,000 डॉलर (करीब 2.5 लाख रुपये) प्रति माह है। खाने-पीने, किराने का सामान और मनोरंजन के लिए हर महीने 1,000 से 2,000 डॉलर (लगभग 85,684 से 1,71,368 रुपये) खर्च होते हैं। इसके अलावा, यात्रा और आने-जाने पर भी 100 से 200 डॉलर (लगभग 8,568 से 17,136 रुपये) मासिक खर्च जुड़ता है।
महंगी जिंदगी, सीमित बचत
इतना बड़ा मासिक खर्च देखकर साफ होता है कि न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहरों में अच्छी कमाई के बावजूद भी बचत करना आसान नहीं होता। वीडियो पर मिले कई कमेंट्स में लोग यही कह रहे हैं कि भारी सैलरी के बावजूद इतनी महंगाई के बीच बचत करना चुनौतीपूर्ण होता है।
मैत्री मंगल कौन हैं?
मैत्री मंगल भारतीय मूल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जो गूगल में काम करती हैं। वह इंस्टाग्राम पर टेक्नोलॉजी से जुड़े वीडियो भी बनाती हैं, जहां उनके करीब 1.73 लाख फॉलोअर्स हैं। उनका यह अनुभव उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा और चेतावनी दोनों है जो विदेशों में बड़ी सैलरी के पीछे भागते हैं।