Edited By Pardeep,Updated: 26 Oct, 2025 11:45 PM

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक सड़क हादसे में दो टोलकर्मियों की मौत के बाद गुस्साए टोलकर्मचारियों ने मृतकों के आश्रितों को मुआवजा दिये जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक सड़क हादसे में दो टोलकर्मियों की मौत के बाद गुस्साए टोलकर्मचारियों ने मृतकों के आश्रितों को मुआवजा दिये जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि यह घटना एक्सप्रेस-वे पर किमी संख्या 76 के पास हुई। उन्होंने बताया कि टोलकर्मी बाबू सिंह और सोमवीर डिवाइडर की सफाई कर रहे थे कि तभी तेज रफ्तार एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कुमार ने बताया कि दोनों टोलकर्मियों को तुरंत नौहझील के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों की उम्र 35 से 40 के बीच है। अधिकारी ने बताया कि जब उनके शवों को मथुरा लाया जा रहा था, तभी अपने दो साथियों की मौत से गुस्साए टोलकर्मियों ने एंबुलेंस को टोल प्लाजा पर रोक लिया और हंगामा करने लगे। उन्होंने बताया कि वे उनके आश्रितों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग कर रहे थे।
कुमार ने बताया कि अधिकारियों द्वारा नियमानुसार उचित मुआवजा दिए जाने के आश्वासन पर टोलकर्मियों ने हंगामा समाप्त कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और कार चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।