Edited By Ramkesh,Updated: 25 Jun, 2026 08:06 PM

केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही खाद्यान्न वितरण योजना में सरकार अब बदलाव करने जा रही है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले (BPL) परिवार, अंत्योदय परिवार को इस योजना का लाभ मिलता है। दरअसल, सरकार ने अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत राशन वितरण...
नेशनल डेस्क: केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही खाद्यान्न वितरण योजना में सरकार अब बदलाव करने जा रही है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले (BPL) परिवार, अंत्योदय परिवार को इस योजना का लाभ मिलता है। दरअसल, सरकार ने अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत राशन वितरण के नियमों में बड़ा बदलाव करने का प्रस्ताव रखा है। सरकार अब प्रति परिवार तय 35 किलो राशन देने की व्यवस्था को बदलकर प्रति व्यक्ति 7 किलो अनाज प्रति माह देने पर विचार कर रही है।हालांकि कुल आवंटन की अधिकतम सीमा 35 किलो ही रहेगी।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने इस बदलाव के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा (संशोधन) विधेयक, 2026 का मसौदा जारी किया है और 13 जुलाई तक आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। मौजूदा व्यवस्था के तहत अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थी परिवारों को परिवार के सदस्यों की संख्या चाहे जितनी भी हो, हर महीने 35 किलो अनाज मिलता है।
वहीं प्राथमिकता श्रेणी (Priority Household) के लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज दिया जाता है। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था के कारण कई बार बड़े AAY परिवारों को प्रति व्यक्ति कम अनाज मिलता है, जबकि वे सबसे गरीब श्रेणी में आते हैं। इसी असमानता को दूर करने के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया गया है।
सरकार ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता एवं जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर जन वितरण प्रणाली दुकानों का सघन निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, कम तौल, अनियमित वितरण, अथवा अन्य किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता के विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कठोर कारर्वाई सुनिश्चित की जाएगी।