Edited By Mansa Devi,Updated: 25 Mar, 2026 05:34 PM

मध्यप्रदेश के मुरैना में बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर छौंदा नदी पर बनी पुलिया के पास हुई।
नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश के मुरैना में बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर छौंदा नदी पर बनी पुलिया के पास हुई। सिविल लाइन थाने के प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि ग्वालियर में मजदूरी का काम करने वाले पांच दोस्त दो अलग-अलग मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजस्थान के करौली माता मंदिर जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि एक अज्ञात ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिसपर तीन युवक सवार थे। उन्होंने कहा कि हादसे में ग्वालियर के निवासी अरुण प्रजापति (22) और झांसी जिले के रानीपुर के रहने वाले शिवम वर्मा (17) की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पीछे से आ रहे अन्य दोस्तों से मिली सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।