Edited By Mansa Devi,Updated: 19 Mar, 2026 11:42 AM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्र और हिंदू नववर्ष के अवसर पर बृहस्पतिवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। भारत में पारंपरिक नववर्ष विभिन्न पर्वों के रूप में मनाया जाता है।
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्र और हिंदू नववर्ष के अवसर पर बृहस्पतिवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। भारत में पारंपरिक नववर्ष विभिन्न पर्वों के रूप में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने नव संवत्सर, नवरात्र, गुड़ी पड़वा, उगादि, चेटी चंड, नवरेह और साजिबू चेराओबा के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये त्योहार नववर्ष के आगमन का प्रतीक हैं तथा अपने साथ नवचेतना, आशा और नयी संभावनाओं का भाव लेकर आते हैं।
उन्होंने एक संदेश में कहा, ''देशवासियों को नव संवत्सर की अनंत शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह नया साल आप सभी के जीवन में साहस, आत्मविश्वास एवं सेवा की भावना को और सशक्त करे जो राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को भी नयी मजबूती दे।'' नव संवत्सर यानी हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) बृहस्पतिवार को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के साथ शुरू हुआ।

प्रधानमंत्री ने लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''देशभर के मेरे परिवारजनों को नवरात्रि की हार्दिक मंगलकामनाएं। शक्ति की आराधना का यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख, सौभाग्य, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।'' उन्होंने कहा, ''शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका कल्याण हो जिससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी नयी ऊर्जा मिले।
जय अंबे जगदंबे मां!'' उन्होंने लिखा, ''नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप देवी शैलपुत्री की पूजा का विधान है। उनके आशीर्वाद से हर किसी के जीवन में संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो, यही कामना है।'' उन्होंने मराठी समुदाय के पारंपरिक नववर्ष के आगमन के प्रतीक गुड़ी पड़वा के अवसर पर भी लोगों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, ''गुड़ी पड़वा के जीवंत अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं यह सुंदर पर्व नववर्ष के आगमन का प्रतीक है, जो अपने साथ नवचेतना, आशा और नयी संभावनाओं का भाव लेकर आता है।'' प्रधानमंत्री ने आशा जताई कि नववर्ष सभी के लिए खुशियां, सफलता और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने कहा, ''यह हम सभी को दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने, अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने और सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करे।''
मोदी ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में मनाए जाने वाले नववर्ष पर्व उगादि के अवसर पर भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व परंपराओं पर आधारित है और नयी ऊर्जा एवं नयी शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ''उगादि नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है और मैं प्रार्थना करता हूं कि आने वाला वर्ष खुशियां, सफलता और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।
यह वर्ष सभी को ईमानदारी के साथ अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करे।'' मोदी ने सिंधी समुदाय के नववर्ष की शुरुआत के प्रतीक पर्व चेटी चंड के अवसर पर भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ''चेटी चंड की शुभकामनाएं! आने वाला वर्ष आपके लिए बहुत शुभ रहे, यही प्रार्थना है। यह पावन पर्व खुशियां लाए, आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करे और समाज में एकता की भावना को मजबूत बनाए। भगवान झूलेलाल के दिव्य आशीर्वाद से हम सभी शांति और समृद्धि की ओर बढ़ें।''

प्रधानमंत्री ने कश्मीरी पंडितों के नववर्ष पर्व नवरेह के अवसर पर भी शुभकामनाएं देते हुए कहा, ''नवरेह पोश्ते! नववर्ष आपके लिए शानदार हो। नवरेह के इस आनंदमय अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं!'' मोदी ने कहा कि जब लोग नववर्ष का स्वागत कर रहे हैं तो ऐसे में यह सभी के लिए नयी आशाएं, नयी ऊर्जा और प्रचुर अवसर लेकर आए।
उन्होंने कहा, ''यह नववर्ष हमें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, नयी संभावनाओं को अपनाने और अधिक उज्ज्वल, स्वस्थ एवं संतोषजनक भविष्य के लिए काम करने की प्रेरणा दे।'' प्रधानमंत्री ने मणिपुर के मेइती समुदाय के नववर्ष पर्व साजिबू चेराओबा के अवसर पर भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ''साजिबू चेराओबा की शुभकामनाएं। यह साल आप सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और सफलता लेकर आए। प्रार्थना करता हूं कि आशा और सकारात्मकता की भावना हर जगह बनी रहे।''