Edited By Anu Malhotra,Updated: 05 Aug, 2026 12:29 PM

यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि एयर कंडीशन (AC) कैटेगरी में यात्रा करने वाले हर एक RAC (Reservation Against Cancellation) यात्री को पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए। इसमें चादर, कंबल और...
नई दिल्ली: यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि एयर कंडीशन (AC) कैटेगरी में यात्रा करने वाले हर एक RAC (Reservation Against Cancellation) यात्री को पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए। इसमें चादर, कंबल और अन्य लिनेन सामग्री शामिल होगी, जो उसी कोच के अन्य यात्रियों को दी जाती है। यह व्यवस्था AC चेयर कार को छोड़कर सभी AC श्रेणियों में लागू होगी।
रेलवे बोर्ड ने 4 अगस्त 2026 को सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को भेजे पत्र में कहा कि RAC यात्रियों को बेडरोल किट नहीं मिलने या अधूरी सुविधा मिलने की शिकायतें कई माध्यमों से लगातार प्राप्त हो रही हैं। बार-बार निर्देश जारी किए जाने के बावजूद स्थिति में पूरी तरह सुधार नहीं हुआ है।
बोर्ड ने साफ तौर पर कहा कि16 नवंबर 2016, 12 दिसंबर 2017 और 18 दिसंबर 2023 को जारी किए गए निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। सभी रेलवे जोनों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि AC कोच में प्रत्येक RAC यात्री को अन्य यात्रियों के समान पूरा बेडरोल किट मिले।
रेलवे बोर्ड ने बताया कि यह कोई नई नीति नहीं है, बल्कि पहले से जारी निर्देशों को सख्ती से लागू करने की कार्रवाई है। संबंधित अधिकारियों और ऑन-बोर्ड सेवा से जुड़े कर्मचारियों को इसकी जानकारी देकर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे बोर्ड के अनुसार, वर्ष 2009 में ही AC श्रेणी के RAC यात्रियों को बेडरोल सुविधा देने का निर्णय लिया गया था, क्योंकि उनकी टिकट राशि में बेडरोल शुल्क शामिल होता है, भले ही उन्हें कन्फर्म बर्थ न मिली हो। वर्ष 2016 में प्रत्येक RAC यात्री के लिए बेडरोल किट अनिवार्य किया गया था। इसके बाद भी शिकायतें जारी रहने पर 2017 और 2023 में दोबारा निर्देश जारी किए गए।