वापसी का टिकट भी बुक नहीं... राजा रघुवंशी की मां के खुलासे ने बढ़ाई सोनम की मुश्किलें

Edited By Updated: 09 Jun, 2025 11:35 PM

raja raghuvanshi s mother s revelations increased sonam s troubles

इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय में हुई हत्या ने सबको चौंका दिया है। राजा की मां उमा रघुवंशी ने इस हत्याकांड को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि उनके बेटे की पत्नी सोनम ने ही मेघालय में हनीमून पर जाने की योजना बनाई थी।...

नेशनल डेस्क: इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय में हुई हत्या ने सबको चौंका दिया है। राजा की मां उमा रघुवंशी ने इस हत्याकांड को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि उनके बेटे की पत्नी सोनम ने ही मेघालय में हनीमून पर जाने की योजना बनाई थी। सोनम ने जाने का टिकट तो बुक करा लिया था, लेकिन वापस लौटने का टिकट नहीं कराया था। उमा रघुवंशी ने बताया, 'मेरा बेटा सोनम के कहने पर ही मेघालय गया था। वो इतनी जल्दी कहीं घूमने के मूड में नहीं था, लेकिन सोनम ने टिकट बुक करा लिया था, तो मैंने कहा कि अब जब टिकट हो गया है तो पत्नी के साथ चले जाओ।'

उन्होंने कहा कि शादी के बाद सोनम का व्यवहार उनके परिवार के साथ बिल्कुल सामान्य था और उन्हें कभी उस पर शक नहीं हुआ। उमा ने यह भी बताया कि राजा ने उन्हें बताया था कि सोनम ने केवल जाने का टिकट बुक किया है, वापस आने का नहीं। फिर भी वे 6-7 दिन में लौट आएंगे। जब उन्होंने गाजीपुर से आई सोनम की तस्वीर देखी, तो उन्हें हैरानी हुई क्योंकि उसके शरीर पर कोई खरोंच नहीं थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उसे अगवा किया गया था, तो उस पर कोई निशान क्यों नहीं थे?

उमा रघुवंशी सोनम से केवल एक सवाल पूछना चाहती हैं: "मेरे बेटे को कहाँ, क्यों और किस हालत में छोड़ा?" उन्होंने यह भी कहा कि सगाई के बाद सोनम ने कभी राजा के साथ अकेले समय नहीं बिताया। जब परिवार ने इस पर सवाल उठाया, तो सोनम कहती थी कि उसे ऑफिस का बहुत काम है, और यदि वह राजा को कॉल नहीं कर पाती, तो राजा खुद कॉल कर सकता है। सोनम की माँ ने भी कहा था कि उनके परिवार की संस्कृति में शादी से पहले लड़के-लड़की का मिलना पसंद नहीं किया जाता।

राजा की मां ने बताया कि शादी रीति-रिवाजों से दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी और राजा शादी के बाद बहुत खुश था। वह सोनम को दिल से अपनी पत्नी मानता था। रोते हुए उन्होंने कहा, "आज लगता है कि काश वो शादी ही न करता। कम से कम जिंदा तो होता। यदि सोनम ने ही मेरे बेटे को मरवाया है, तो उसे फाँसी होनी चाहिए।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके परिवार को इस मामले के मुख्य आरोपी राज कुशवाहा के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

दूसरी ओर, सोनम के पिता ने अपनी बेटी को निर्दोष बताया है और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। शादी के 11 दिन बाद, 20 मई को राजा और सोनम मेघालय गए थे। 23 मई को सोहरा (चेरापूंजी) में दोनों लापता हो गए। फिर 2 जून को राजा रघुवंशी का शव एक खड्ड में मिला। मेघालय पुलिस के अनुसार, यह हत्या सोनम ने सुपारी किलर्स से करवाई थी। डीजीपी आई नोंग्रांग ने बताया कि सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण किया। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को इंदौर और ललितपुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि पाँचवाँ आरोपी सागर से पकड़ा गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध था। राज इस साजिश को अंजाम देने के लिए खुद शिलांग नहीं आया, वह सिर्फ फोन पर पूरे प्लान से जुड़ा रहा। इधर, सोनम पहले से शिलांग में मौजूद थी और वहाँ के कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से मिली। इसके बाद पूरी टीम चेरापूंजी पहुँची। वहाँ सोनम अपने पति राजा रघुवंशी को एक सुनसान रास्ते पर ले गई, जहाँ पहले से मौजूद तीनों कॉन्ट्रैक्ट किलर्स ने मिलकर राजा की हत्या कर दी। इसके बाद सोनम, आकाश, विशाल और आनंद शिलांग लौट आए।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!