Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Mar, 2026 11:02 PM

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर कई तरह की खबरें तेजी से फैल रही हैं। इन संदेशों के कारण कई शहरों में लोगों के बीच घबराहट का माहौल बन गया है। कुछ जगहों पर पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें...
नेशनल डेस्क : पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर कई तरह की खबरें तेजी से फैल रही हैं। इन संदेशों के कारण कई शहरों में लोगों के बीच घबराहट का माहौल बन गया है। कुछ जगहों पर पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें भी देखी गईं, क्योंकि लोग टंकी फुल कराने के लिए बड़ी संख्या में पंपों पर पहुंचने लगे।
तेल कंपनियों ने अफवाहों को बताया गलत
देश की प्रमुख तेल कंपनियों हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने इन खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। कंपनियों ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। कंपनियों के अनुसार ईंधन की उपलब्धता को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
पंपों पर भीड़ लगाने से बनती है कृत्रिम कमी
तेल कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों के आधार पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। जब बड़ी संख्या में लोग अचानक जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने लगते हैं, तो अस्थायी रूप से कमी जैसी स्थिति बन सकती है। कंपनियों का कहना है कि सामान्य परिस्थितियों में सप्लाई चेन पूरी तरह व्यवस्थित रहती है और सभी ग्राहकों को नियमित रूप से ईंधन मिलता रहता है।
देश की ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित
कंपनियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि भारत की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था मजबूत है। देश के अलग-अलग हिस्सों में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक रखा जाता है, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी उतार-चढ़ाव या आपात स्थिति में आपूर्ति प्रभावित न हो। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहें।