एक अफवाह और मच गया हड़कंप… MP, महाराष्ट्र से गुजरात तक पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, क्या सच में है संकट?

Edited By Updated: 25 Mar, 2026 09:56 PM

crowds swarm petrol pumps from mp and maharashtra to gujarat

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट की आशंका बढ़ गई है, जिसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। युद्ध शुरू होने के कुछ समय बाद ही देश में एलपीजी की किल्लत की खबरें सामने आईं। सिलेंडर लेने के लिए लोग...

नेशनल डेस्कः इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट की आशंका बढ़ गई है, जिसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। युद्ध शुरू होने के कुछ समय बाद ही देश में एलपीजी की किल्लत की खबरें सामने आईं। सिलेंडर लेने के लिए लोग लंबी-लंबी लाइनों में लग गए, यहां तक कि कई जगहों पर झगड़े और मारपीट की घटनाएं भी देखने को मिलीं।

इसी बीच 24 मार्च से पेट्रोल-डीजल को लेकर भी अफवाह फैल गई, जिसके बाद देश के कई राज्यों में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लंबी-लंबी कतारें साफ दिखाई दे रही हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई जगहों पर पेट्रोल पंपों को अस्थायी रूप से बंद भी करना पड़ा। हालांकि सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।

महाराष्ट्र में हालात बिगड़े… कई पंपों पर ‘नो फ्यूल’ का बोर्ड, लोग लौटने को मजबूर

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में पेट्रोल-डीजल की स्थिति चिंताजनक नजर आई। यहां कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की बिक्री पूरी तरह बंद कर दी गई और ‘पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं’ के बोर्ड लगा दिए गए। जिन पंपों पर ईंधन उपलब्ध था, वहां भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मध्य प्रदेश में अफरा-तफरी… 2 किलोमीटर लंबी लाइनें, ड्रम-केन में भरकर ले गए तेल

मध्य प्रदेश में स्थिति और भी ज्यादा खराब रही। आगर मालवा, इंदौर, मंदसौर, उज्जैन और भोपाल समेत कई जिलों में मंगलवार रात से ही पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। देखते ही देखते एक से दो किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। लोग ड्रम, केन, बोतल और कुप्पियों में पेट्रोल-डीजल भरवाने लगे, जिसके कारण कई पंपों पर ईंधन खत्म हो गया और उन्हें बंद करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख पुलिस-प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की गई, लेकिन इसका असर बहुत कम दिखाई दिया। बुधवार को भी पूरे दिन पंपों पर भीड़ बनी रही।

गुजरात में सोशल मीडिया का असर… अहमदाबाद से फैली अफवाह, कई शहरों तक पहुंची

गुजरात में भी अफवाहों ने तेजी से असर दिखाया। अहमदाबाद से शुरू हुई यह अफवाह वडोदरा, गांधीनगर, सूरत और राजकोट समेत कई जिलों तक फैल गई। लोग पेट्रोल पंपों पर इस तरह उमड़ पड़े जैसे पानी के टैंकर से पानी लेने के लिए भीड़ लगती है। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर मैसेज देखकर एहतियातन अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने का फैसला किया। इस अफरा-तफरी के बीच उन लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी, जिनकी गाड़ी में सच में ईंधन खत्म हो गया था और उन्हें लंबी कतार में घंटों इंतजार करना पड़ा।

यूपी के इन जिलों में भी भीड़… घंटों लाइन में खड़े लोग, डिब्बों में भरवाया तेल

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती जिलों में भी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज समेत कई पंपों पर लंबी कतारें लगी रहीं। पंप प्रबंधकों का कहना है कि उन्हें डिपो से समय पर तेल नहीं मिला, और जैसे ही आपूर्ति होगी, वितरण शुरू कर दिया जाएगा। लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। श्रावस्ती में इकौना बाईपास, कंजड़वा और कटरा पंप पर भी भारी भीड़ उमड़ी। लोग घंटों इंतजार के बाद ईंधन ले पाए और बड़े-बड़े डिब्बों व वाहनों में तेल भरवाते नजर आए। प्रशासन ने साफ किया कि अफवाहों के कारण सामान्य आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है।

राजस्थान में भी मचा हड़कंप… ‘पंप बंद होंगे’ की अफवाह से रात में ही उमड़ी भीड़

राजस्थान में पेट्रोल पंप बंद होने की अफवाह ने लोगों में घबराहट पैदा कर दी। बीकानेर, उदयपुर, जालोर, आबूरोड और सलूम्बर समेत कई शहरों में रात के समय ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। अफवाह थी कि देशभर में पेट्रोल पंप 1 अप्रैल तक बंद रहेंगे, जिसके चलते लोग देर रात ही पेट्रोल भरवाने पहुंच गए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस-प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!