Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 25 Apr, 2025 12:26 AM

देशभर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। जहां एक ओर हीटवेव और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर 23 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ मूसलधार बारिश और ओले गिरने की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के...
नेशनल डेस्क: देशभर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। जहां एक ओर हीटवेव और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर 23 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ मूसलधार बारिश और ओले गिरने की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ फिर हुआ एक्टिव
देश के उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर हिस्सों में दोहराया जा रहा है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 25-26 अप्रैल को तेज बारिश, बिजली गिरने और आंधी की आशंका है।
पूर्वोत्तर में तेज हवाएं और भारी बारिश
बांग्लादेश और असम के ऊपर बना चक्रवाती दबाव और छत्तीसगढ़ से मन्नार की खाड़ी तक बनी ट्रफ लाइन के कारण पूर्वोत्तर भारत के राज्य—असम, मेघालय, अरुणाचल, त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड—में 7 दिनों तक बारिश और तेज हवाएं चलेंगी, जो 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार पकड़ सकती हैं।
दक्षिण भारत में भी नहीं मिलेगी राहत
तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तमिलनाडु में 24 अप्रैल को अत्यधिक वर्षा की चेतावनी दी गई है।
बिहार-झारखंड में ओले, यूपी-पश्चिम बंगाल में आंधी
बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में 26-29 अप्रैल के बीच आंधी-तूफान, ओले और बारिश की भविष्यवाणी है। सिक्किम में 26-27 अप्रैल को बहुत भारी बारिश होगी।
हीटवेव से झुलसेगा उत्तर भारत
IMD के अनुसार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और बिहार में लू चलने की स्थिति बनी हुई है। 25 से 30 अप्रैल तक इन क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में गुरुवार को तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, गुजरात, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में तापमान 40-45 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली-NCR में 25 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा लेकिन 26-27 अप्रैल को बादल छाए रहेंगे और 30 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। साथ ही लू की संभावना भी बनी हुई है।
आने वाले दिनों में पारा चढ़ेगा
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। पूर्वी भारत में तापमान स्थिर रहेगा लेकिन यूपी में 3 दिन बाद गिरावट आ सकती है।