Edited By Mehak,Updated: 10 Feb, 2026 12:05 PM

मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। MCX पर 5 मार्च वाला चांदी फ्यूचर 2 फीसदी या 4,905 रुपये टूटकर 2,57,715 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया, जबकि 2 अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 2,005 रुपये गिरकर 1,56,001 रुपये प्रति 10 ग्राम हुआ।...
नेशनल डेस्क : हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को सोने और चांदी के दामों में एक बार फिर कमजोरी देखने को मिली। MCX पर दोनों कीमती धातुओं के फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट्स दबाव में नजर आए। बाजार में यह गिरावट अमेरिका से आने वाले अहम आर्थिक आंकड़ों से पहले निवेशकों की सतर्कता के कारण देखी गई।
दरअसल, बुधवार को अमेरिका में जनवरी महीने के रोजगार से जुड़े आंकड़े जारी होंगे। इसके अलावा शुक्रवार को महंगाई के आंकड़े सामने आएंगे, जिनका असर आगे चलकर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति पर पड़ सकता है। इसी वजह से निवेशक फिलहाल जोखिम लेने से बचते दिख रहे हैं।
MCX पर सोना-चांदी के दाम
आज के कारोबारी सत्र में MCX पर 5 मार्च 2026 एक्सपायरी वाली चांदी करीब 2 फीसदी या 4,905 रुपये टूटकर 2,57,715 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वहीं, 2 अप्रैल डिलीवरी वाला सोना भी लगभग 2 फीसदी या 2,005 रुपये गिरकर 1,56,001 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार में भी सोने और चांदी में हल्की गिरावट दर्ज की गई। पिछले सत्र में तेज उछाल के बाद आज स्पॉट गोल्ड करीब 0.36 फीसदी गिरकर 5,066.56 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इससे पहले 29 जनवरी को सोना 5,594.82 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा था। इसी तरह, स्पॉट सिल्वर भी आज 0.44 फीसदी फिसलकर 81.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। चांदी ने 29 जनवरी को 121.64 डॉलर प्रति औंस का ऑल-टाइम हाई छुआ था।
भारत में चांदी की कीमतें
घरेलू बाजार में आज चांदी के दामों में सीधी 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है। इसके बाद चांदी की कीमत 2,90,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि एक ग्राम चांदी का भाव 290 रुपये दर्ज किया गया।
मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, पुणे और वडोदरा जैसे शहरों में चांदी आज 2,90,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है। वहीं चेन्नई, हैदराबाद, मदुरै, विजयवाड़ा और भुवनेश्वर में चांदी की कीमत करीब 3,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम बनी हुई है।
बीते दिनों कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सोमवार को जहां चांदी 15,000 रुपये महंगी हुई थी, वहीं आज की गिरावट से खरीदारों को कुछ राहत मिली है। बजट के बाद 2 फरवरी को चांदी में 50,000 रुपये की बड़ी गिरावट आई थी, इसके बाद 5 और 6 फरवरी को भी कीमतों में लगातार कमजोरी देखी गई थी।