Edited By Parveen Kumar,Updated: 11 Feb, 2026 07:13 PM

उत्तर प्रदेश में मौसम अब करवट लेता दिखाई दे रहा है। 12 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन के समय तेज धूप निकलने से ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात में सर्दी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा। फिलहाल बारिश की...
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश में मौसम अब करवट लेता दिखाई दे रहा है। 12 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन के समय तेज धूप निकलने से ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात में सर्दी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिल सकती है।
कई जिलों में कोहरे की चेतावनी
हालांकि दिन साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा परेशानी खड़ी कर सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा और मथुरा समेत पूर्वी इलाकों के आजमगढ़ और बलिया में धुंध छाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि कम दृश्यता के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लखनऊ-कानपुर में हल्की ठंड, दिन में राहत
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। कानपुर, फतेहपुर और बाराबंकी में भी सुबह-शाम ठंडी हवा चल सकती है। दोपहर में धूप तेज रहने से हल्की गर्माहट महसूस होगी, जिससे दिन में ठंड का असर कम लगेगा।
बुंदेलखंड और पूर्वांचल में भी यही हाल
बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे इलाकों में भी सुबह धुंध का असर रह सकता है। दिन के समय मौसम शुष्क और साफ रहेगा, लेकिन शाम ढलते ही तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। जालौन और हाथरस जैसे जिलों में रात के समय ठंड दोबारा बढ़ सकती है। कुल मिलाकर प्रदेश में सुबह की धुंध और दोपहर की धूप का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा।