Edited By Tanuja,Updated: 16 May, 2026 05:52 PM

भारतीय आम की अमेरिका के सिएटल बाजार में जोरदार वापसी हुई है। एक साल के प्रचार अभियान के बाद अब अल्फांसो समेत कई भारतीय आम Seattle, किर्कलैंड और रेडमंड के स्टोर्स व कॉस्टको आउटलेट्स में उपलब्ध होंगे।
International Desk: भारतीय आमों की अमेरिका के प्रशांत उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में जोरदार वापसी हुई है। खास तौर पर सिएटल (Seattle) के बाजारों में भारतीय आमों के पहुंचने को लेकर भारतीय समुदाय और आम प्रेमियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। एक साल तक चले विशेष प्रचार अभियान के बाद अब अल्फांसो समेत कई भारतीय आम अमेरिकी बाजारों में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सिएटल क्षेत्र में बड़े स्तर पर उपलब्ध होंगे
अमेरिकी चैनल Fox 13 News के कार्यक्रम “Good Day Seattle” में इस विषय पर विशेष चर्चा हुई। इस दौरान Prakash Gupta ने बताया कि भारतीय आम अब सिएटल क्षेत्र में बड़े स्तर पर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि जब 2007 में पहली बार भारतीय आम अमेरिका पहुंचे थे, तब The New York Times ने इसे “सबसे ज्यादा बेसब्री से इंतजार किया गया फल” बताया था। प्रकाश गुप्ता ने कहा कि भारतीय आम केवल एक फल नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और बचपन की यादों का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा,“भारत में आम गर्मियों के आगमन का प्रतीक है। परिवार आमों के साथ जुड़ते हैं और इससे बचपन की यादें जुड़ी होती हैं।”उन्होंने सिएटल के लोगों की तुलना भारतीयों से करते हुए कहा कि जैसे सिएटलवासी गर्मियों की पहली धूप का इंतजार करते हैं, वैसे ही भारतीय समुदाय यहां आमों का इंतजार कर रहा था।
‘मैंगो डिप्लोमेसी’ की कहानी
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह “मैंगो डिप्लोमेसी” का हिस्सा है, तो उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति George W. Bush का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2006 में भारत यात्रा के दौरान बुश ने अल्फांसो आम चखने के बाद कहा था, “What a hell of a fruit.” इसके बाद अमेरिका में भारतीय आमों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पिछले साल सिएटल में विशेष “मैंगो टेस्टिंग” कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें चार भारतीय किस्मों के आम लोगों को चखाए गए। इसके बाद भारतीय आमों को स्थानीय ग्रोसरी स्टोर्स, डिलीवरी सेवाओं और बड़े अमेरिकी रिटेल नेटवर्क तक पहुंचाने की कोशिश की गई।
Costco तक पहुंचे भारतीय आम
प्रकाश गुप्ता के अनुसार, अब सिएटल, किर्कलैंड और रेडमंड के भारतीय स्टोर्स के अलावा Costco आउटलेट्स में भी भारतीय आम उपलब्ध होंगे।विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय आमों की यह वापसी अमेरिका में भारतीय कृषि उत्पादों और सांस्कृतिक प्रभाव दोनों को मजबूत कर सकती है।