Edited By Anu Malhotra,Updated: 20 Mar, 2026 09:50 AM

नया एयर कंडीशनर (AC) खरीदने का ख्याल मन में आते ही सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा होता है कि आखिर खिड़की वाला 'Window' AC बेहतर रहेगा या फिर दीवार पर सजने वाला 'Split AC? अक्सर लोग कूलिंग और लुक्स को तो देख लेते हैं, लेकिन असली खेल तब शुरू होता है जब महीने...
नेशनल डेस्क: नया एयर कंडीशनर (AC) खरीदने का ख्याल मन में आते ही सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा होता है कि आखिर खिड़की वाला 'Window' AC बेहतर रहेगा या फिर दीवार पर सजने वाला 'Split AC? अक्सर लोग कूलिंग और लुक्स को तो देख लेते हैं, लेकिन असली खेल तब शुरू होता है जब महीने के अंत में बिजली का भारी-भरकम बिल हाथ में आता है। अगर आप भी 1.5 टन के इन दोनों विकल्पों के बीच उलझे हुए हैं, तो चलिए आपकी इस मुश्किल को आंकड़ों के साथ आसान बनाते हैं।
हमने बिजली की खपत को समझने के लिए देश के जाने-माने ब्रांड वोल्टास (Voltas) के 1.5 टन मॉडल्स का विश्लेषण किया है, जिससे यह साफ हो जाएगा कि आपकी जेब पर कौन सा एसी ज्यादा भारी पड़ने वाला है।
Window AC: बजट में फिट पर बिजली में कैसा?
आमतौर पर Window AC अपनी कम कीमत और आसान इंस्टॉलेशन के लिए पसंद किए जाते हैं। अगर हम वोल्टास के 1.5 टन 3-स्टार रेटिंग वाले विंडो एसी की बात करें, तो मानक आंकड़ों के अनुसार यह 1600 घंटों के इस्तेमाल में लगभग 1204.98 यूनिट बिजली खर्च कर देता है। सरल भाषा में समझें तो यह प्रति घंटा करीब 0.753 यूनिट की खपत करता है। यदि आपके क्षेत्र में बिजली की दर 7 रुपये प्रति यूनिट है, तो इस एसी को केवल एक घंटा चलाने का खर्च लगभग 5.27 रुपये आएगा।
Split AC: तकनीक का दम और बिजली की बचत
दूसरी तरफ, Split AC अपनी आधुनिक तकनीक और शांत संचालन के लिए जाने जाते हैं। जब 1.5 टन के 3-स्टार स्प्लिट एसी के डेटा को देखा गया, तो पाया गया कि यह 1600 घंटों के दौरान महज 975.26 यूनिट बिजली का उपभोग करता है। यानी हर घंटे यह सिर्फ 0.609 यूनिट बिजली लेता है। 7 रुपये प्रति यूनिट की दर से इसका एक घंटे का खर्च करीब 4.26 रुपये बैठता है। तुलना की जाए तो Split AC हर घंटे आपके करीब 1 रुपये की बचत कर रहा है, जो लंबे समय में काफी बड़ी राशि बन जाती है।
खरीदारी से पहले 'Rating Card' पर जरूर डालें नजर
ऊपर दिए गए आंकड़े यह साफ करते हैं कि स्प्लिट एसी, विंडो के मुकाबले बिजली बचाने में ज्यादा माहिर है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ये गणना एक विशेष ब्रांड पर आधारित है। यदि आप वोल्टास के अलावा किसी अन्य कंपनी का एसी चुन रहे हैं, तो उसके 'energy rating label' को ध्यान से देखें। वहां साफ तौर पर लिखा होता है कि वह मॉडल साल भर (लगभग 1600 घंटे) में कितनी यूनिट्स खर्च करेगा।
जल्दबाजी में लिया गया फैसला बाद में पछतावे का कारण बन सकता है। इसलिए, शोरूम में सेल्समैन की बातों में आने के बजाय खुद यूनिट्स का हिसाब लगाएं और अपनी जरूरत व बजट के अनुसार सही चुनाव करें। याद रखें, आज की थोड़ी सी रिसर्च आपके आने वाले कई सालों के बिजली बिल को कम कर सकती है।