Edited By Rohini Oberoi,Updated: 17 Mar, 2026 04:18 PM

अपनी शादी के वक्त से ही पत्नी का चेहरा छिपाने को लेकर ट्रोल होने वाले अदनान शेख ने अब चुप्पी तोड़ी है। एक हालिया इंटरव्यू (Namitaa के साथ) में अदनान ने साफ कर दिया कि उनकी पत्नी का बुर्के में रहना उनकी अपनी पसंद और धर्म के प्रति उनकी आस्था का हिस्सा...
Adnan Shaikh on Hijab : अपनी शादी के वक्त से ही पत्नी का चेहरा छिपाने को लेकर ट्रोल होने वाले अदनान शेख ने अब चुप्पी तोड़ी है। एक हालिया इंटरव्यू (Namitaa के साथ) में अदनान ने साफ कर दिया कि उनकी पत्नी का बुर्के में रहना उनकी अपनी पसंद और धर्म के प्रति उनकी आस्था का हिस्सा है। अदनान ने इस दौरान मॉर्डन लाइफस्टाइल और जन्नत को लेकर भी अपनी राय रखी।
मेरी जिंदगी, मेरे नियम
इंटरव्यू के दौरान जब अदनान से पूछा गया कि क्या उन्होंने अपनी पत्नी पर बुर्का पहनने का दबाव बनाया है तो उन्होंने दोटूक जवाब दिया। अदनान ने कहा, "मेरी जिंदगी है और मैं इसे अपने हिसाब से जिऊंगा। मैं अपनी पत्नी को दुनिया को नहीं दिखाऊंगा।" उन्होंने आगे एक धार्मिक विश्वास का हवाला देते हुए कहा कि जो लोग अपनी पत्नी को पर्दे में नहीं रखते, उन्हें जन्नत नसीब नहीं होगी।
मर्दों की नजर पर कही बड़ी बात
अदनान ने पत्नी को कवर रखने के पीछे एक दिलचस्प तर्क दिया। उन्होंने कहा, मैं एक मर्द हूं और मुझे बखूबी पता है कि एक मर्द किसी औरत को किस नजर से देखता है। हमारे धर्म में कहा गया है कि अगर औरतों को पता चल जाए कि मर्द उन्हें किस तरह देखते हैं तो वे खुद को इतना कवर कर लेंगी जितना कोई सोच भी नहीं सकता। उन्होंने साफ किया कि यह उनके धर्म का नजरिया है और वह इसे पूरी तरह मानते हैं।
मॉर्डन दुनिया और बेपर्दगी पर निशाना
यूट्यूबर ने आज के दौर की लाइफस्टाइल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोग अपनी मां और पत्नी को छोटे कपड़े पहनाकर उन्हें बेपर्दा करते हैं और दुनिया को दिखाते हैं। अदनान ने कहा, सबकी अपनी जिंदगी है लेकिन मरने के बाद हर किसी को अपने गुनाहों का जवाब देना होगा। मैं अपनी चीजें संभालकर चल रहा हूं क्योंकि मेरे लिए मेरा धर्म सबसे ऊपर है।
शादी के वक्त भी हुआ था विवाद
अदनान शेख ने जब रिद्धि जाधव (जिन्होंने शादी के लिए धर्म परिवर्तन किया) से शादी की थी तब भी उन्होंने अपनी पत्नी का चेहरा पूरी तरह मास्क और पर्दे से ढका था। उस वक्त सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल किया था लेकिन अदनान का कहना है कि वह अपनी पत्नी की पहचान और चेहरे को सार्वजनिक नहीं करना चाहते।