Maha Shivratri Ujjain 2026 : महाशिवरात्रि पर महाकाल दर्शन का बदला रूट और दर्शन व्यवस्था चाक-चौबंद, जानिए क्या बदलेगा ?

Edited By Updated: 10 Feb, 2026 09:04 AM

maha shivratri ujjain 2026

Maha Shivratri Ujjain 2026 :  विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रोज़ाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने...

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Maha Shivratri Ujjain 2026 :  विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रोज़ाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार दर्शन प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल और सुचारु बनाया गया है।

महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में एक अहम समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भस्म आरती, प्रसाद वितरण, सहायता केंद्र, पार्किंग, जूता-चप्पल स्टैंड, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। इस बैठक में कलेक्टर एवं मंदिर प्रशासक रौशन सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित मंदिर समिति के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सामान्य दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं हेतु भील समाज धर्मशाला के पास एक विशेष प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है। इस मार्ग से प्रवेश कर भक्त तय रास्तों से होते हुए गणेश मंडपम पहुंचेंगे और वहां से भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि दर्शन के पश्चात निर्धारित निकास मार्ग का ही उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। आपातकालीन निकास द्वार से होकर बड़ा गणेश मंदिर एवं हरसिद्धि चौराहे की ओर जाने की व्यवस्था की गई है।

250 रुपये के शीघ्र दर्शन टिकट लेने वाले भक्तों के लिए अलग और सुरक्षित मार्ग बनाए गए हैं, जहां बैरिकेडिंग की विशेष व्यवस्था रहेगी। इन श्रद्धालुओं को भील समाज धर्मशाला और हरसिद्धि पाल क्षेत्र से निर्धारित मार्गों के माध्यम से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।

भस्म आरती के लिए पंजीकृत श्रद्धालुओं को मानसरोवर भवन और द्वार क्रमांक-01 से प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही महाशिवरात्रि के दौरान पार्किंग को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सामान्य श्रद्धालुओं के लिए कर्कराज और मेघदूत को पार्किंग स्थल बनाया गया है, जबकि शीघ्र दर्शन टिकटधारियों के लिए कार्तिक मेला मैदान, राणौजी की छत्री, शगुन गार्डन और महाकाल मंडपम में पार्किंग की सुविधा रहेगी। जूता-चप्पल रखने के लिए भील समाज धर्मशाला, झालरिया मठ और हरसिद्धि पाल में विशेष स्टैंड बनाए गए हैं।

इसके अलावा, शीघ्र दर्शन टिकट के काउंटर कर्कराज पार्किंग और हरसिद्धि पाल क्षेत्र में लगाए जाएंगे। लड्डू प्रसाद वितरण के लिए नृसिंहघाट रोड और हरसिद्धि रोड पर अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

मंदिर प्रशासन ने सभी भक्तों से नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि महाशिवरात्रि पर्व पर सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम रूप से भगवान महाकाल के दर्शन कर सकें।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!